NH10 में अनुष्का संग उत्तराखंड की बेटी की धूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थियेटर कलाकार उत्तराखंड की बेटी तान्या की गाड़ी अब रुपहले पर्दे पर उतर आई है। अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की मुख्य भूमिका वाली फिल्म एनएच-10 से तान्या ने बॉलीवुड में अपना सफर शुरू किया है। फिल्म पर्दे पर रिलीज हो चुकी है और उनके अभिनय को काफी सराहा जा रहा है।
मूलरूप से श्रीनगर गढ़वाल निवासी तान्या को अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की फिल्म एनएच-10 में ब्रेक मिला है। तान्या शर्मा चौथी कक्षा से थियेटर कर रही हैं। तान्या की पढ़ाई श्रीनगर में ही हुई।
उनके पिता वीआर पुरोहित गढ़वाल विवि में प्रोफेसर हैं। वह इस वक्त अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। तान्या अपने पति दीपक डोभाल के साथ दिल्ली में रहती हैं। दीपक राज्यसभा टीवी में एंकर हैं।
अनुष्का बोली, मैं भी गढ़वाली हूं...
अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को जैसे ही पता लगा कि तान्या गढ़वाल की हैं, तो वह बेहद खुश हुईं। तान्या से मिलने पर बोलीं कि अरे मैं भी गढ़वाली हूं। मेरी मम्मी बड़ोनी है, वह गढ़वाल से हैं। मैं वहां कम ही जा पाती हूं, लेकिन मुझे गढ़वाल की संस्कृति अच्छी लगती है। उत्तराखंड से बेहद लगाव है।
एक थप्पड़ के लिए खाए 21 थप्पड़
तान्या ने बताया कि एक सीन में दीप्ति नवल (फिल्म में सास) को मुझे थप्पड़ मारना था। उस एक थप्पड़ के लिए मैंने 21 थप्पड़ खाए। तब कहीं जाकर शॉट ओके हुआ। बताया कि फिल्म में मेरी जितनी भी भूमिका है, उसके लिए मैंने बेहद मेहनत की है।
ऐसे मिला मौका
फिल्म में तान्या हरियाणा के गांव की महिला बनी हैं। फिल्म में उनके किरदार का नाम मंजू है, जो कि फिल्म के विलेन दर्शन कुमार की पत्नी और दीप्ति नवल की बहू हैं। बताया कि यह फिल्म उन्हें कास्टिंग निर्देशक जोगी की वजह से मिली। जिन्होंने दिल्ली में थियेटर करते हुए उन्हें देखा था।
बताया कि जब मुझे फिल्म के इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था तो मेरा रोल बहुत छोटा था। लेकिन निर्देशक ने मुझे देखकर कहा कि ये विलेन की पत्नी का किरदार करेंगी। अगले दिन वह घर से ही ग्रामीण लड़की बनकर से आटो से सीधे सेट पर पहुंची, उन्हें देखकर निर्देशक ने रोल के लिए उन्हें फाइनल कर दिया।
दूरदर्शन के धारावाहिकों में कर रहीं काम
तान्या ने बताया कि इनदिनों वह डीडी-1 के ‘एक था रस्टी’ और डीडी किसान के लिए ‘उल्टापुर’ धारावाहिक में काम कर रही हैं। ‘एक था रस्टी’ की शूटिंग हो चुकी है, जबकि ‘उल्टापुर’ की चल रही है।
दोनों धारावाहिक अप्रैल से प्रसारित होंगे। वह हिमानी शिवपुरी के नाटक में भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली में महेश भट्ट के थियेटर शो ‘डेडी’ में पूजा भट्ट का किरदार निभाया था, जिसे काफी पसंद किया गया।