उत्तराखंड CM ने सब इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टरों को दिया तोहफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले काफी समय से सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टरों की संशोधित ग्रेड पे की मांग भी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रविवार को पूरी कर दी।
रविवार को पुलिस लाइन में संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गृह सचिव को सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टरों की मांग पर निर्णय लेने के आदेश दिए। गृह सचिव अपने साथ फाइल लेकर आए थे। उन्होंने मंच पर ही फाइल मुख्यमंत्री के समक्ष रख दी।
मुख्यमंत्री ने भी झट से हस्ताक्षर कर दिए। अपनी मांगों को अचानक पूरा होते देख पुलिस कर्मी गदगद हो गए। गृह सचिव ने बताया कि इंस्पेक्टरों को वेतनमान 4600 से बढ़कर 4800 और सब इंस्पेक्टरों का ग्रेड पे 4200 से 4600 कर दिया गया है।
मांग पूरी करते ही मुख्यमंत्री पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू से मुखातिब हुए और कहा कि मैं मांग पूरी कर रहा हूं। इसके बदले मुझे कुछ चाहिए भी। उन्होंने कहा कि सुद्दोवाला जेल की सुरक्षा के लिए 100 से 150 जवान आपको देने होंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ कर्मियों को दिए जाने वाले 30 प्रतिशत विशेष प्रोत्साहन भत्ते पर 4500 रुपए की अधितकम सीमा को हटा दिया है।
अच्छी सेहत के लिए पहाड़ चढ़ो
मुख्यमंत्री हरीश रावत पुलिस कर्मियों की ओर से मांगी जा रही मैदानी इलाकों में ड्यूटी से चिंतित दिखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पहाड़ों में एक दिन में 25-25 किलोमीटर तक पैदल चलता था। न कभी कोई बीमारी हुई न कभी सांस फूली। अब जब मैदान में हूं तो पेट भी बाहर आ गया और हाथ में मधुमेह की दवाई भी।
उन्होंने जवानों से कहा कि, पहाड़ में नौकरी आपकी सेहत के लिहाज से भी ठीक है। इसलिए पहाड़ में अनिवार्य रूप से कुछ समय नौकरी करें। उन्होंने पुलिस महानिदेशक से कहा कि वे ऐसी ट्रांसफर पालिसी लेकर आएं, जिससे सभी पुलिस कर्मियों को अनिवार्य रूप से पहाड़ में ड्यूटी के लिए जाना पड़े।
उत्तराखंड के जवान भी बनेंगे ‘शार्पशूटर’
देहरादून स्थित पुलिस लाइन में ‘इंडोर शूटिंग रेंज’ के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को जमकर तोहफे दिए। उन्होंने न केवल इंडोर शूटिंग रेंज के लिए अत्याधुनिक हथियार खरीदने के लिए एक करोड़ का बजट जारी करने का आदेश दिया। बल्कि दारोगाओं और इंस्पेक्टरों की वेतन विसंगति को दूर करते हुए मौके पर ही उनके बढ़े हुए ग्रेड पे की फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए।
रविवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत पुलिस से अभिभावक की तरह पेश हुए। कभी नसीहत दी तो कभी पीठ थपथपाई। जब कुछ देने की बारी आई तो दिल खोल कर दे भी दिया। पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री ने तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार इंडोर शूटिंग रेंज का उद्घाटन किया।
यहां मुख्यमंत्री के समक्ष पुलिस के जवानों ने प्वाइंट 9 एमएम की पिस्टल से फायर कर रेंज का ट्रायल भी दिया। मुख्यमंत्री ने पिस्टल चलाकर निशाना साधा। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन सभागार पहुंचे। यहां उन्हें आईजी गढ़वाल रेंज संजय गुंज्याल ने डिजिटल प्रेजेंटेशन से कुछ माह पूर्व भागीरथी-2 फतह करने वाली टीम से मुखातिब कराया।
स्लाइड शो के जरिये बताया गया कि टीम को पर्वतारोहण के दौरान क्या दिक्कतें आईं और टीम ने कैसे चोटी फतह की। मुख्यमंत्री ने इस टीम को सम्मानित भी किया। इसके साथ ही विदेश में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने इंडोर शूटिंग रेंज के लिए 50-50 लाख रुपये की दो किस्तों में एक करोड़ रुपये जारी करने के आदेश दिए।
कहा कि इससे आधुनिक उपकरण खरीदे जाएं। गृह मंत्री प्रीतम सिंह ने कहा कि पुलिस के सामने आज बहुत चुनौतियां हैं। उन्हें हर चुनौती से निपटने के लिए संसाधन सरकार द्वारा मुहैया कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर गृह सचिव विनोद शर्मा, पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू, अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून) अनिल कुमार रतूड़ी, आईजी जीएन गोस्वामी, डीआईजी व एसएसपी देहरादून पुष्पक ज्योति व अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मौजूद रहे।