त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: शाम आठ बजे बाद नहीं होगा लाउडस्पीकर से प्रचार, आयोग ने जारी की गाइडलाइन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रचार की गाइडलाइन जारी कर दी है। कोई भी उम्मीदवार लाउडस्पीकर से शाम आठ बजे के बाद प्रचार नहीं कर पाएगा। लाउडस्पीकर से प्रचार के लिए उम्मीदवार के पास सिर्फ 11 घंटे उपलब्ध रहेंगे।
सार्वजनिक और निजी संपत्तियों पर प्रचार के संबंध में भी राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ कार्रवाई करें।
पंचायत चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग जिलों की मशीनरी के लिए लगातार निर्देश जारी कर रहा है। मंगलवार को प्रचार से संबंधित दिशा निर्देश जारी किए गए।
आयोग के सचिव रोशनलाल की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारियों को भेजे निर्देश में लाउडस्पीकर से प्रचार की समय सीमा की जानकारी दी गई है। लाउडस्पीकर से प्रचार सुबह नौ बजे से शुरू होकर शाम आठ बजे तक ही किया जा सकेगा।
सार्वजनिक संपत्ति पर प्रचार न किया जाए
सचिव की ओर से कहा गया है कि सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी स्थिति में प्रचार न किया जाए। इसके अलावा, निजी संपत्ति का इस्तेमाल प्रचार के लिए करने से पूर्व भवन स्वामी की अनुमति ले ली जाए। लाउडस्पीकर से प्रचार की समय सीमा तय करते हुए आयोग ने महसूस किया है कि रोगियों और विद्यार्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए ऐसा किया जाना बेहद जरूरी है।
बुधवार को होगा अल्मोड़ा की वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन
नगर पंचायत के गठन के कारण प्रभावित हुए चौखुटिया ब्लाक की तीन ग्राम पंचायतों की वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन बुधवार को किया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग 12 जुलाई को ही हरिद्वार को छोड़कर बाकी 12 जिलों की वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन कर चुका था।
इस बीच, सरकार ने चौखुटिया को नगर पंचायत बना दिया, तो इसकी तीन ग्राम पंचायतों का परिसीमन बदल गया। संशोधित वोटर लिस्ट का काम अब पूरा हो गया है। इसका अंतिम प्रकाशन बुधवार को किया जा रहा है। इससे पहले, ऊधमसिंह नगर जिले की कुछ ग्राम पंचायतों के परिसीमन में हुए बदलाव के कारण वहां भी वोटर लिस्ट को नए सिरे से तैयार करना पड़ा है।