उत्तराखंडः पंचायतों के 30817 रिक्त पदों पर चुनाव की अधिसूचना जारी, इस दिन होगा मतदान
- 19 को होगा मतदान, 21 को सामने आएगा परिणाम, आदर्श आचार संहिता भी लागू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंचायतों में 30 हजार से अधिक रिक्त पदों पर निर्वाचन की अधिसूचना राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी कर दी है। इन पंचायतों में 19 दिसंबर को मतदान होगा और 21 दिसंबर को मतगणना होगी। कुल 30 हजार 817 पदों पर चुनाव होगा।
प्रदेश में ग्राम पंचायतों के पहले चरण में 22 अक्टूबर को परिणाम घोषित किया गया था। इस चुनाव में ग्राम पंचायत सदस्यों के कुल 55572 पदों में से 30664 पद खाली रह गए थे। बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सदस्यों के पद खाली रहने की वजह से कई ग्राम पंचायतों का गठन भी नहीं हो पाया। इसी को देखते हुए रिक्त पदों पर जल्द चुनाव कराने के लिए भी शासन पर दबाव बनाया जा रहा था।
मंगलवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने शासन से सहमति मिलने पर रिक्त पदों पर चुनाव कार्यक्रम भी घोषित कर दिया। आयोग ने इस बार हरिद्वार में 15 ग्राम पंचायत सदस्यों, एक ग्राम प्रधान, एक क्षेत्र पंचायत और एक जिला पंचायत सदस्य के रिक्त पद पर चुनाव कराने की भी अधिसूचना जारी की है। इस तरह से देखा जाए तो इस बार प्रदेश के सभी 13 जिलों में अलग-अलग क्षेत्रों में पंचायत चुनाव होंगे।
एक से अधिक माह बाद शुरू होगा कार्यकाल
पहले चरण में हुए चुनाव में परिणाम घोषित होने के बाद शासन ने ग्राम पंचायतों की पहली बैठक 28 नवंबर को आयोजित करने का आदेश दिया था। ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण आधे से अधिक ग्राम पंचायतों का गठन नहीं हो पाया। अब रिक्त पदों के भरे जाने के बाद इन पंचायतों का गठन होगा। यह जनवरी 2020 में होने का अनुमान है। ऐसे मेें इन पंचायतों का कार्यकाल प्रथम चरण की पंचायतों की तुलना में करीब एक माह बाद शुरू हो पाएगा।
इन पदों पर होंगे चुनाव
सदस्य ग्राम पंचायत 30679
ग्राम प्रधान 125
सदस्य क्षेत्र पंचायत 12
सदस्य जिला पंचायत 01
यह है चुनाव कार्यक्रम
नामांकन 9 और 10 दिसंबर
नाम पत्रों की जांच 11 दिसंबर
नाम वापसी और प्रतीक आबंटन 12 दिसंबर
मतदान 19 दिसंबर
मतगणना 21 दिसंबर
अल्मोड़ा में सबसे अधिक रिक्त पद
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक ग्राम पंचायत सदस्यों के सबसे अधिक पद अल्मोड़ा में रिक्त हैं। इस जिले में 8242 पदों में से 5998 पद खाली रह गए हैं। ग्राम प्रधानों के भी यहां 34 पद खाली हैं और यह भी अन्य जिलोें की तुलना में सबसे अधिक हैं। रिक्त पदों के मामले में पौड़ी जिला दूसरे नंबर पर है। पौड़ी में 8855 पद ग्राम पंचायत सदस्यों के खाली हैं।
आदर्श आचार संहिता भी लागू
उप चुनाव कार्यक्रम होने के साथ ही अब प्रदेश में निर्वाचन वाली पंचायतों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट के मुताबिक यह आचार संहिता परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।