उत्तराखंड: जंगल में सेल्फी लेना युवक को पड़ा भारी, फोटो क्लिक करने लगा तो सामने आ गया तेंदुआ
यूपी के बिजनौर क्षेत्र के नागलसोती के गांव हरचंदपुर निवासी अनुराग ऋषिकेश में रहकर गुब्बारों की डेकोरेशन का काम करता है। युवक अपने घर बिजनौर चीला के रास्ते से जा रहा था। चीला में पहुंचने पर युवक सेल्फी ले रहा था। इस बीच उस पर तेंदुए ने हमला कर दिया।
विस्तार
ऋषिकेश से चीला होते हुए अपने घर बिजनौर जा रहे युवक को जंगल में सेल्फी लेना भारी पड़ गया। सेल्फी लेते समय युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। जिसके बाद दो दिन तक वह नीलधारा और गंगा की मुख्य धारा के बीच जंगल में फंसा रहा। युवक को सप्तऋषि पुलिस चौकी प्रभारी ने शनिवार को जल पुलिस की मदद से रेस्क्यू किया।
बाइक से जा रहा था अपने घर
यूपी के बिजनौर क्षेत्र के नागल सोती के गांव हरचंदपुर निवासी अनुराग ऋषिकेश में गुब्बारों के डेकोरेशन का काम करता है। गुरुवार को वह बाइक से चीला रोड होते हुए अपने घर जा रहा था। बताया जाता है कि चीला पहुंचने पर अनुराग सेल्फी ले रहा था।
इस बीच तेंदुए ने हमला करने की कोशिश की तो वह जंगल की तरफ भाग गया और इसके बाद गंगा में कूद गया। उसका मोबाइल भी पानी में गिर गया। इसके बाद वह दो दिन तक गंगा की मुख्य धारा व नीलगंगा के बीच शदाणी घाट के पास फंसा रहा।
घूम रहे कुछ लोगों ने पुलिस की सूचना दी
युवक ने सूखी लकड़ी एकत्र की और आग जलाई। जंगल से धुआं उठता देखकर घाट पर घूम रहे कुछ लोगों ने सप्तऋषि पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीन रावत को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रवीण रावत अपनी टीम के साथ शदाणी घाट पर पहुंचे और जल पुलिस के साथ राफ्ट से गंगा की मुख्य धारा को पार कर नीलधारा पहुंचे।
दो दिनों से जंगल में फंसा हुआ था युवक
इसके बाद जहां से धुआं उठ रहा था, उस जगह पर पहुंचे और युवक को रेस्क्यू किया। युवक ने पूछताछ में बताया कि वह दो दिनों से जंगल में फंसा हुआ था। रात के समय पेड़ पर रहकर किसी तरह से उसने जंगली जानवरों से अपनी जान बचाई। नदी में गिरने के कारण वह नीलधारा व गंगा की मुख्य धारा के बीच फंस गया था।
हाथियों ने रौंदी गन्ने की फसल
रानीमाजरा, चांदपुर, कटारपुर, बिशनपुर, पुरानी कुंडी में हाथियों ने खेतों में घुसकर गन्ने की फसल को चौपट कर दिया। नूतन कुमार, नीशू सैनी, सुशील सैनी, मोहित सैनी, रामशरण, राजेश चौहान, सतीश चौहान, नरसिंह, बिजेंद्र सैनी आदि किसानों के मुताबिक शुक्रवार की सुबह जब वह खेतों पर गए गन्ने की फसल का नुकसान देखकर होश उड़ गए।