उत्तराखंड: सीएम तीरथ सिंह रावत हुए कोरोना संक्रमित, फेफड़ों में हुआ इंफेक्शन, आइसोलेशन में गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की कोरोना संक्रमण की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह आइसोलेशन में चले गए हैं। इस कारण उनका सोमवार से शुरू होने वाला तीन दिवसीय दिल्ली दौरा स्थगित हो गया है। दिल्ली प्रवास के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कुछ अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करनी थी। शनिवार को उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से उठाए जाने वाले मसलों को लेकर विभागीय अधिकारियों से चर्चा भी की थी। वहीं, जानकारी के अनुसार, सीएम की पत्नी और बेटी समेत कई अन्य लोगों की भी जांच कराई गई है।
सोमवार को जब सीएम की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो बीजापुर स्थित सेफ हाउस में उनसे मिलने पहुंचे लोगों को उलटे पांव लौटना पड़ा। सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी जो मुख्यमंत्री के सचिव भी हैं, ने कहा कि मुख्यमंत्री के संपर्क में आए कौन लोग हाई रिस्क में हैं, जिला प्रशासन उन्हें चिह्तिन करेगा। उन्हें आइसोलेशन में जाने को कहा जाएगा। छह दिन बाद फिर सीएम की कोरोना जांच होगी, रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उनके आगे के कार्यक्रम तय होंगे।
सीएम के फेफड़ों में हुआ मामूली इंफेक्शन
कोरोना संक्रमित होने के बाद सीएम तीरथ ने सोमवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर चिकित्सीय जांच कराई। सीटी स्कैन में मुख्यमंत्री के फेफड़ों में मामूली इंफेक्शन मिला है। बता दें कि मुख्यमंत्री के फिजिशियन डॉ. एनएस बिष्ट, दून अस्पताल के कोरोना के नोडल अफसर एवं वरिष्ठ छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग अग्रवाल और मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नारायणजीत सिंह की देखरेख में उनकी विभिन्न चिकित्सीय जांच की गई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य सामान्य है। डॉक्टरों ने जांच के बाद जरूरी दवाएं देकर मुख्यमंत्री को फिलहाल एकांतवास में रहने की सलाह दी है। उधर, मुख्यमंत्री के संपर्क में आए नेताओं, अधिकारियों, मुख्यमंत्री के स्टाफ और अन्य परिचितों के सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए भेजे गए हैं।
यह भी पढ़ें... महाकुंभ 2021: चार गुना तक बढ़ाई जाएगी कोरोना जांच, नौ राज्यों पर रहेगी विशेष नजर
मुख्यमंत्री ने खुद ट्वीट कर दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी खुद ट्वीट कर दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘मेरी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं ठीक हूं और मुझे कोई परेशानी नहीं है। डॉक्टरों की निगरानी में मैंने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है। आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे निकट संपर्क में आए हैं, कृपया सावधानी बरतें और अपनी जांच करवाएं।’
आइसोलेशन में रहकर निपटाया कामकाज
कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मुख्यमंत्री ने बीजापुर स्थित सेफ हाउस में खुद को आइसोलेट कर लिया। इस दौरान उन्होंने सरकारी कामकाज भी निपटाया। वीडियो कांफ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संपर्क साधा और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं, लिहाजा आइसोलेट रहते हुए उन्होंने सरकारी कामकाज किया।
देहरादून से दिल्ली तक मुलाकात करने वाले चिंतित
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के कोरोना संक्रमित होने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों में चिंता पैदा हो गई है। रामनगर दौरे में मुख्यमंत्री के साथ रहे कैबिनेट मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत ने कोविड टेस्ट कराने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री की पत्नी समेत आठ लोगों का भी कोविड टेस्ट होगा। दून से दिल्ली तक विभिन्न कार्यक्रमों में उनके सीधे संपर्क में आने वाले लोगों की पेशानी पर बल है।
पिछले चार-पांच दिनों में मुख्यमंत्री ने कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उनके निजी स्टाफ के अलावा कई अन्य महानुभाव भी उनके साथ रहे। दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी से भेंट की। इस दौरान वह अप्रवासी उत्तराखंडियों के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। यहां शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय, पूर्व सांसद बलराज पासी भी उनके संपर्क में आए। हरिद्वार में मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये के कार्यों की शिलान्यास किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल समेत संगठन के कई लोग उपस्थित थे। मुख्यमंत्री रामनगर में वन विभाग के कार्यक्रम में गए तो वहां वह वन मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत के संपर्क रहे। शनिवार को उन्होंने भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भाग लिया।
कोर कमेटी की बैठक में सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा, महारानी राज्यलक्ष्मी शाह, नरेश बंसल, राज्यमंत्री डॉ.धनसिंह रावत, संगठन के प्रदेश महासचिव सुरेश भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा भी शामिल हुए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बहुगुणा से उनके डिफेंस कालोनी स्थित आवास पर जाकर भेंट की। वह विकासनगर और देहरादून में होली कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।
सोमवार को मिलने वालों का लगा रहा तांता
सोमवार को भी बीजापुर स्थित सेफ हाउस में मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों का तांता लगा था। लेकिन जब उन्हें मुख्यमंत्री के कोरोना की चपेट में आने की सूचना मिली तो उन्हें लौटना पड़ा। कुछ मीडिया कर्मचारी भी मुख्यमंत्री के संपर्क में आए, जिन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
पीएमओ ने मांगी थी कोविड जांच रिपोर्ट
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करनी थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने उनकी कोविड जांच रिपोर्ट मांगी थी। मुख्यमंत्री ने जांच कराई तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।
सीएम के संपर्क में आए 80 लोग आइसोलेट
रविवार को रामनगर में वानिकी दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के संपर्क में आए 80 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेट कर दिया है। पांच दिन बाद सभी के सैंपल लेकर कोविड जांच के लिए भेजे जाएंगे।
कोटाबाग में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत के कार्यक्रम में मौजूद विधायक दीवान सिंह बिष्ट, मदन जोशी, नरेंद्र शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश नैनवाल सहित तमाम नेताओं को एसडीएम विजयनाथ शुक्ल ने फोन कर आइसोलेट होने को कहा। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन के पास हैलीपेड और मंच पर मौजूद कार्यकर्ताओं की सूची है। कार्यकर्ताओं का आरटीपीसीआर टेस्ट कराया जाएगा।
कोविड के नोडल अधिकारी प्रशांत कौशिक ने बताया कि मंच पर 21 लोगों समेत 80-90 लोग सीएम के संपर्क में आए थे। गिरिजा मंदिर में पूजा अर्चना कराने वाले पुजारी को भी आइसोलेट होने को कहा जाएगा। मुख्यमंत्री ढिकुली में भी भाजपा के कद्दावर नेताओं के घर गए थे। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि अगर कोई पॉजिटिव आएगा तो उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश कर उनकी भी जांच की जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों में मचा हड़कंप
रामनगर। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मंच पर पीसीसीएफ राजीव भरतरी, सीटीआर निदेशक राहुल, डीएफओ यूसी तिवारी, उपनिदेशक कल्याण, पार्क वार्डन आरके तिवारी सहित अन्य वन अधिकारी मौजूद थे। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने कई लोगों को सम्मानित भी किया था।
भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य जो भी मुख्यमंत्री के संपर्क में आये हों, वे नियमानुसार आइसोलेट हो जाएं ताकि सभी का बचाव हो सके। किसी में कोरोना के लक्षण आए तो वह तत्काल स्वास्थ्य महकमे से संपर्क करे।
-धीराज सिंह गर्ब्याल, डीएम।