उत्तराखंड: देहरादून से कई रूटों के लिए शुरू हुई हवाई सेवा, जौलीग्रांट एयरपोर्ट की क्षमता पांच गुना बढ़ी
जौलीग्रांट एयरपोर्ट में नया टर्मिनल भवन बनने से यात्री आवाजाही क्षमता पांच गुना बढ़ गई है। पहले एयरपोर्ट की प्रति घंटा आजवाही क्षमता 250 यात्रियों की थी, जो बढ़कर 1200 हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में सात नए रूटों पर हेली सेवा की सौगात और जौलीग्रांट एयरपोर्ट में नए टर्मिनल भवन के लोकार्पण से हवाई सेवा का विस्तार हो गया है। शुक्रवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने संयुक्त रूप से जौलीग्रांट एयरपोर्ट में नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान प्रदेश के सात नए रूटों पर हेली सेवा का भी शुभारंभ किया गया।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट में नया टर्मिनल भवन बनने से यात्री आवाजाही क्षमता पांच गुना बढ़ गई है। पहले एयरपोर्ट की प्रति घंटा आजवाही क्षमता 250 यात्रियों की थी, जो बढ़कर 1200 हो गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रयास रहेगा है कि उत्तराखंड़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बन सके। पहले चरण में 325 करोड़ की लागत से 28729 वर्ग मीटर क्षेत्र में भव्य टर्मिनल का निर्माण किया गया। अब एयरपोर्ट की सालाना क्षमता 24 लाख यात्रियों की होगी। नए टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए 36 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। वहीं, दूसरे चरण में 132 करोड़ की लागत से 14047 वर्ग मीटर में एक और टर्मिनल भवन बनाया जाएगा। इससे आने वाले समय में जौलीग्रांट एयरपोर्ट की यात्री क्षमता 1800 प्रति घंटा हो जाएगी। हवाई सेवाएं बढ़ने से देश दुनिया के पर्यटक आसानी से उत्तराखंड पहुंच सकेंगे।
उत्तराखंड: आज से राज्य के कई रूटों के लिए शुरू हुई हवाई सेवा, यहां जानिए कितना होगा किराया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने फ्यूल पर वैट 20 प्रतिशत से घटाकर दो प्रतिशत कर दिया है, यानी 18 प्रतिशत छूट दी जा रही है। कहा कि इससे हवाई सेवाओं को विस्तार और सुविधाओं को देने में सहायता मिल सकेगी। भारतीय विमान प्राधिकरण अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि विमान प्राधिकरण अगले पांच सालों में 25 हजार करोड़ का निवेश करने जा रहा है। इससे देश भर में नए हवाई अड्डों को विस्तार किया जाएगा। पूर्व शिक्षा मंत्री और हरिद्वार सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होेंने कहा कि स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखा जाए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सुनील उनियाल गामा, संयुक्त सचिव उषा पांधी, एके पाठक, एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर मिश्रा, एयरपोर्ट मैनेजर सुमित सक्सेना, डीएम डॉ.आर राजेश कुमार, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी आदि थे।
सात नए रूटों की मिली सौगात
देहरादून-हल्द्वानी-पंतनगर, देहरादून-पिथौरागढ़, पंतनगर-पिथौरागढ़, जौलीग्रांट-श्रीनगर, जौलीग्रांट-गौचर, सहस्त्रधारा-चिन्यालीसौड़ और सहस्त्रधारा से गौचर के लिए हेली सेवा का शुभारंभ किया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने जल्द ही देहरादून-पिथौरागढ़, पिथौरागढ़-पंतनगर-हिंडन के लिए हवाई सेवा शुरू करने की भी घोषणा की है।
विमानन और पर्यटन एक सिक्के के दो पहलू
जौलीग्रांट एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का लोकार्पण कर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हवाई अड्डा होने पर किसी भी क्षेत्र का आर्थिक विकास तेजी से होता है। कहा कि नागर विमानन और पर्यटन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने पूरी टर्मिनल बिल्डिंग का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऐतिहासिक प्रदेश है। नागर विमानन और पर्यटन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हवाई अड्डे से सुविधाएं, रोजगार और अनेक लाभ मिलते हैं। कहा कि सौंदर्य के प्रदेश उत्तराखंड के विकास के लिए हर स्तर पर प्रयास करेगा। कहा कि प्रयास रहेगा है कि उत्तराखंड़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बन सके। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई यात्रा कर सके, इसके लिए प्रयास हो रहे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि उत्तराखंड सैनिक प्रदेश है। कहा कि राज्य में हवाई सेवाओं के साथ सड़कों का जाल बिछाने की योजना पर काम चल रहा है। नए हैलीपेड बनाने की दिशा में भी विचार हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया में निर्णय लेने की उद्भुत क्षमता है। राज्य की हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए केंद्रीय मंत्री से हर स्तर पर मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि हवाई सेवाओं से ही अफगानिस्तान फंसे भारतीयों को सुरक्षित लाया जा सका।
एयरपोर्ट पर दिखेगी उत्तराखंड संस्कृति की झलक
देश दुनिया से आने वाले पर्यटकों व यात्रियों को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचते ही उत्तराखंड की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। नए टर्मिनल भवन में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के साथ हेमकुंड साहिब, तीर्थ नगरी हरिद्वार, ऋषिकेश को चित्रकला से उकेरा गया। इसके अलावा ब्रह्मकमल के साथ उत्तराखंड प्राचीन लोक कला व संस्कृति को प्रदर्शित किया गया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि दूसरे देशों से कोई भी व्यक्ति हमारे देश में आए तो उन्हें सबसे पहले देश की सभ्यता और संस्कृति का अनुभव होना चाहिए। इसके लिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन में उत्तराखंड की लोक संस्कृति को प्रदर्शित किया गया।