मसूरी: कैंपटी फॉल सैलानियों से गुलजार, शराब पीकर हुड़दंग करना पर्यटकों को पड़ा महंगा
मसूरी-देहरादून मार्ग गज्जी बैंड के निकट पर्यटकों ने सड़क पर गलत तरीके से गाड़ी खड़ी कर दी और शराब पीकर हुड़दंग करने लगे।
विस्तार
मसूरी शहर के गज्जी बैंड के पास शराब पीकर हुड़दंग करना पांच पर्यटकों को महंगा पड़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों पर्यटकों का चालान कर दिया। मसूरी-देहरादून मार्ग गज्जी बैंड के निकट पर्यटकों ने सड़क पर गलत तरीके से गाड़ी खड़ी कर दी और शराब पीकर हुड़दंग करने लगे।
स्थानीय लोग समझाने पहुंचे तो उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस पांचों पर्यटकों को पकड़कर कोतवाली ले आई। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि शराब पीकर हुड़दंग करने पर रजनीश निवासी बेगमपुर दिल्ली, अतुल गुप्ता कोन्टारजू दिल्ली, अंशुल, ललित, उदय भान तीनों निवासी सिरसा हरियाणा के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कैंपटी फॉल सैलानियों से गुलजार
जनपद टिहरी गढ़वाल का प्रमुख पर्यटन स्थल कैंपटी फॉल रविवार को वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार रहा। पर्यटकों ने फॉल में जमकर मस्ती की। वहीं, मास्क नहीं पहनने और सोशल डिस्टेंस के उल्लंघन पर पुलिस ने कई पर्यटकों के चालान किए।
पर्यटकों ने कैंपटी की मुख्य झील और फॉल में जमकर मस्ती की
कैंपटी फॉल में रविवार को 150 वाहनों से 600 पर्यटक घूमने पहुंचे। पर्यटकों ने कैंपटी की मुख्य झील और फॉल में जमकर मस्ती की। थानाध्यक्ष कैंपटी नवीन चंद्र जुराल ने बताया कि बिना मास्क 15, सोशल डिस्टेंस के उल्लंघन पर 30, एमवी एक्ट में 8 और पुलिस एक्ट में 2 लोगों के चालान किए गए।
अभियान चलाकर 65 परिवारों का किया सत्यापन
शहर कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि शहर के कुलड़ी, लंढौर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर 65 परिवारों का सत्यापन किया गया। साथ ही किरायदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले 7 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं, बिना मास्क और सोशल डिस्टेंस के उल्लंघन पर 47 लोगों के चालान काटे गए। सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने पर 8, पुलिस एक्ट में 8, एमवी एक्ट में 9 और 7 चालान कोर्ट में किए गए।