उत्तराखंड: टोक्यो ओलंपिक स्टार वंदना कटारिया को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड, परिवार में खुशी की लहर
हरिद्वार के उप जिला क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल ने इसकी पुष्टि की है। वंदना को अर्जुन अवॉर्ड देने की घोषणा के बाद से परिवार में भी खुशी की लहर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली हॉकी स्टार वंदना कटारिया को हॉकी इंडिया की संस्तुति पर अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। खेल मंत्रालय में उनका चयन अवॉर्ड के लिए किया है। हरिद्वार के उप जिला क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल ने इसकी पुष्टि की है। भाई पंकज कटारिया ने बताया कि वंदना को अर्जुन अवाॅर्ड मिलने से उन्हें काफी खुशी है। वंदना के घर आने पर विशेष स्वागत किया जाएगा।
परिवार में खुशी की लहर
वंदना को अर्जुन अवॉर्ड देने की घोषणा के बाद से परिवार के साथ ही के साथ ही स्पोर्ट्स अधिकारियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। वंदना कटारिया के परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। परिजनों का कहना है कि उनके लिए यह दीपावली का उपहार है।
हैट्रिक लगाकर रचा था इतिहास
हरिद्वार के रोशनाबाद गांव निवासी भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए मैच में हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा था। वे ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी बनी हैं। इसके बाद रोशनाबाद की बेटी का देश और विदेश में खूब डंका बजा। धर्मनगरी लौटने पर लोगों ने बेटी को सर आंखों पर बिठा दिया था। प्रदेश सरकार ने उन्हें ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का ब्रांड एंबेसडर घोषित कर दिया था। इसके अलावा उन्हें 25 लाख का नकद पुरस्कार दिया था।
आखिर पूरी हुई पिता की इच्छा
वंदना कटारिया के भाई पंकज कटारिया ने बताया कि वर्ष 2015 में भी वंदना को अर्जुन पुरस्कार दिए जाने की संस्तुति की गई थी। पिता नाहर सिंह की इच्छा थी कि बेटी वंदना कटारिया को अर्जुन अवाॅर्ड मिले। उस समय अर्जुन अवाॅर्ड के लिए वंदना का चयन नहीं हो सका था।
भाई पंकज कटारिया ने बताया कि पिता ने वंदना का हौसला बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। वंदना को कामयाब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वंदना के संघर्ष के समय उसके दोस्त की तरह पिता ने साथ दिया। उन्होंने बताया कि वंदना को अर्जुन अवाॅर्ड मिलने की पिता की इच्छा पूरी हो गई।
उन्होंने बताया कि यदि आज पिताजी जिंदा होते तो उन्हें बहुत खुशी होती। वंदना की मां सोरन देवी ने भी बेटी को अर्जुन पुरस्कार के लिए चयन होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। ग्रामीण सुबोध पाल, अभिषेक, प्रमोद पाल, जोगेंद्र कटारिया, जगदीश शर्मा, दिलशाद खान, रोशन खान, राजवीर सिंह कटारिया आदि ने भी वंदना को अर्जुन अवाॅर्ड मिलने पर खुशी जताई। संवाद