पुलिस पर जानलेवा हमला: रुद्रपुर में कार सवारों ने पुलिसकर्मी को पीटा, आग लगने से हाथ झुलसे
करीब साढ़े चार बजे कार सवार चार युवक वहां पहुंचे और पुलिस लाइन के अंदर जाने लगे। लक्ष्मण राणा का कहना है कि उन्हें रोककर पूछताछ की गई तो कार सवार युवक आगबबूला हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में रुद्रपुर पुलिस लाइन परिसर में नहीं घुसने देने पर कार सवार चार लोगों ने गेट पर तैनात पुलिसकर्मी (संतरी) पर हमला कर दिया। आरोप है कि छीना झपटी में एक बोतल में आग भी लग गई इससे पुलिसकर्मी के हाथ झुलस गए। पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, हमलावरों को पकड़ लिया गया है।
पुलिस लाइन के अटरिया गेट पर बुधवार को लक्ष्मण राणा (53) ड्यूटी कर रहे थे। आरोप है कि करीब साढ़े चार बजे कार सवार चार युवक वहां पहुंचे और पुलिस लाइन के अंदर जाने लगे। लक्ष्मण राणा का कहना है कि उन्हें रोककर पूछताछ की गई तो कार सवार युवक आगबबूला हो गए। इस पर चारों कार से उतरकर गेट पर शोर मचाने लगे।
लक्ष्मण के मुताबिक, उन्होंने कार को रोकने के लिए टायर के नीचे एक बोतल डालने का प्रयास किया। इसी दौरान चारों युवक बोतल छीनने लगे। इतने में बोतल में आग लग गई। इससे लक्ष्मण के दोनों हाथ झुलस गए। चारों युवकों को पंतनगर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
हाथ झुलस गए मगर लक्ष्मण ने हार नहीं मानी
हाथ झुलसने के बावजूद लक्ष्मण ने हार नहीं मानी। उसने चारों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लक्ष्मण मूल रूप से अल्मोड़ा के रहने वाले हैं और कई सालों से रुद्रपुर में तैनात हैं। वह एसओजी में भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी भी पुलिस विभाग में तैनात है।
‘छात्र संघ अध्यक्ष हूं, सस्पेंड करा दूंगा’
लक्ष्मण के अनुसार पुलिस लाइन पहुंचे कार सवार युवकों में से एक ने कहा कि वह अल्मोड़ा कॉलेज का छात्र संघ अध्यक्ष है। पुलिस लाइन के आरआई से कहकर वह उसे सस्पेंड करा देगा। एक ने खुद को एडवोकेट बताकर डीएम से मिलने जाने की बात कही। एक ने खुद को एक बड़े अधिकारी का भतीजा बताया।
कार में लगा था भाजपा का झंडा
लक्ष्मण ने बताया कि कार में बीजेपी का झंडा लगा था। युवक देहरादून से आ रहे थे। यह भी बताया जा रहा है कि खुद को छात्रसंघ अध्यक्ष बताने वाला युवक बेड़ीनाग का निवासी है।
बोतल में ऐसा क्या था जो आग लग गई
वह बोतल भी सवालों के घेरे में है जिस पर आग लग गई। आग कैसे और क्यों लगी इसका जवाब भी किसी के पास नहीं है। बोतल में आखिर क्या था जिसने आग पकड़ ली, पुलिस के अधिकारी इस मामले में कुछ नहीं कह पा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बोतल संतरी के हाथ में थी जिससे वह कार को आगे बढ़ने से रोक रहे थे। हालांकि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। इसके बावजूद अभी पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।
- मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी, रुद्रपुर