उत्तराखंड : जैविक उत्पादों को बाजार और किसानों को उचित दाम मिलेगा, पहले चरण में खुलेंगे इतने आउटलेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में जैविक उत्पादों की मार्केटिंग और किसानों को उचित दाम दिलाने के लिए सरकार ने कवायद तेज कर दी है। सरकार ने प्रदेशभर में 1300 आर्गेनिक आउटलेट खोलने का निर्णय लिया है। पहले चरण में 619 आउटलेट और बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और अन्य बड़े शहरों में 20 एक्सक्लूसिव आउटलेट खोले जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग को आर्गेनिक आउटलेट का डिजाइन तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, जिलाधिकारियों को जैविक कलस्टर के आधार पर आउटलेट के लिए जमीन चयनित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गुरुवार को विधानसभा स्थित सभागार में कृषि एवं उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल ने जैविक उत्पादों की मार्केटिंग योजना की समीक्षा की। बैठक में कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को बिचोलियों से छुटकारा दिलाने के साथ ही उपभोक्ता के साथ सीधा संबंध बनाने के लिए सरकार ने प्रदेश भर में 1300 आउटलेट बनाने का निर्णय लिया है।
दो चरणों में इस योजना पर काम होगा। पहले चरण में 619 आउटलेट के साथ ही बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट व अन्य शहरों में 20 एक्सक्लूसिव आउटलेट बनाने की कार्यवाही शुरू की गई। लोक निर्माण विभाग व मंडी परिषद के माध्यम से आउटलेट का निर्माण किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग ने जल्द ही आउटलेट का डिजाइन तैयार करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6404 समूहों के जैविक उत्पादों का बाजार मिलेगा। वहीं, किसानों को उत्पाद के उचित दाम मिलेंगे। हर साल देश विदेश से उत्तराखंड आने वाले सात करोड़ यात्रियों को आसानी से उचित दाम पर जैविक उत्पाद मिल सके।
कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के जैविक उत्पाद को एक ब्रांड के रूप में स्थापित किया जा रहा है। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए आउटलेट बनाने के लिए जगह का चयन किया जाए। बैठक में सचिव कृषि एवं उद्यान हरबंस सिंह चुघ, निदेशक उद्यान हरविंदर सिंह बवेजा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।