कॉर्बेट टाइगर रिजर्व : अब गर्जिया जोन में भी करें वन्य जीवों का दीदार, वनमंत्री ने किया उद्घाटन
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में आने वाले सैलानी अब गर्जिया जोन में भी सैर-सपाटा और वन्य जीवों के दीदार कर सकेंगे। शनिवार को वन मंत्री हरक सिंह रावत ने इस नए जोन का उद्घाटन किया। वन मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर जोन में जिप्सियों को भेजा और वनकर्मियों ने सैलानियों का मुंह मीठा कराया।
वन मंत्री ने कहा कि इस नए जोन के शुरू होने से युवाओं को रोजगार मिलेगा। कॉर्बेट में एक साल में दो नए पर्यटन जोन खोले गए हैं, जिसमें एक पाखरो तो दूसरा गर्जिया जोन हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि पांच हजार हेक्टेयर के इस गर्जिया जोन से करीब एक लाख लोग रोजगार से जुड़ेंगे, क्योंकि सैलानियों के आने से होटल कारोबार, जिप्सी कारोबार, गाइड समेत दुकानदारों आदि को सीधा लाभ होता है। वन मंत्री ने फाटो रेंज में भी सफारी कराने का आश्वासन दिया है। कहा कि इसके लिए शासन स्तर पर कवायद चल रही है।
इस मौके पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन जेएस सुहाग, सीटीआर निदेशक राहुल, उपनिदेशक कल्याणी, डीएफओ तराई हिमांशु बागरी, डीएफओ यूसी तिवारी, पार्क वार्डन आरके तिवारी, ईको टूरिज्म रेंजर राजेंद्र सिंह चकरायत, रेंजर राजकुमार, प्रशांत हिंदवान, संदीप गिरी, जयपाल सिंह रावत, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश नैनवाल, भावना भट्ट, वीरेंद्र सिंह रावत, इंदर रावत, नवीन करगेती, कमल किशोर, सत्यप्रकाश शर्मा, गणेश रावत, राजेश शर्मा, पूरन नैनवाल, अमिता लोहिनी, अशोक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आधा घंटे लेट शुरू हुई सफारी
गर्जिया जोन के गेट पर वन मंत्री का कार्यक्रम दिन में 12 बजे शुरू होना था, लेकिन कार्यक्रम एक बजे के आसपास शुरू हुआ, जो दो बजे खत्म हुआ जबकि सफारी का समय डेढ़ बजे था। ऐसे में पर्यटकों को जिप्सी में बैठकर इंतजार करना पड़ा। हालांकि बाद में कॉर्बेट प्रशासन ने सैलानियों को आधे घंटे से अधिक सफारी कराई।
महिला नेचर गाइडों को किया सम्मानित
वन मंत्री रावत ने गर्जिया जोन में पर्यटकों के साथ जाने वाली नेचर गाइड प्रीति रावत, उर्मिला, दीक्षा करगेती, दीक्षा नैनवाल, गुलशन जहां को सम्मानित किया। कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रही है।
मालधन से जंगल सफारी शुरू करने की मांग
भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश नैनवाल ने वन मंत्री को ज्ञापन देते हुए मालधन से भी जंगल सफारी शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा कि मालधन में चारों ओर से जंगल हैं और यह फाटो रेंज से लगा हुआ है। ऐेसे में जंगल सफारी शुरू होने से वहां के लोग भी रोजगार से जुड़ेंगे।
वनमंत्री से आर्थिक सहायता देने की मांग
सेव द स्नेक एंड वाइल्ड लाइफ वेलफेयर सोसायटी के कार्यकर्ताओं ने समाजसेवा के लिए आर्थिक मदद देने की मांग करते हुए वन मंत्री को ज्ञापन दिया। सोसायटी अध्यक्ष चंद्रसैन कश्यप ने बताया कि वह काफी समय से जहरीले सांपों समेत अन्य वन्यजीवों को पकड़कर जंगल में छोड़ते हैं। उनके पास दस्ताने, पैठी, पिंजरे, प्रोजेक्टर, स्टिक आदि उपकरणों की कमी हैं।