उत्तराखंड में बंपर भर्ती: समूह-ग के 201 तो एलोपैथी व आयुर्वेद विभाग में 1500 से अधिक पदों पर होंगी भर्तियां
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा और आयुर्वेद विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर, चिकित्साधिकारी और एएनएम पदों पर भी बंपर भर्ती होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लगने से कुछ ही घंटे पहले अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने तीन विभागों में 201 पदों पर तीन भर्तियां निकाली हैं। तीनों भर्तियों का विज्ञापन जारी करते हुए आयोग ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की तिथियां भी जारी कर दी हैं।
पहली भर्ती : मत्स्य विभाग में 28 पद
मत्स्य विभाग में मत्स्य निरीक्षक के 28 पदों पर भर्ती के लिए 20 जनवरी से पांच मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए आवेदक का मत्स्य विज्ञान में ग्रेजुएशन या जीबी पंत विवि से मात्स्यिकी विज्ञान में चार वर्षीय ग्रेजुएशन कोर्स पास होना जरूरी है।
दूसरी भर्ती : सहकारिता व जीबी पंत विवि में 73 पदों पर मौका
उत्तराखंड सहकारिता विभाग व जीबी पंत विवि में राजकीय पर्यवेक्षक के 64 पद, सहायक विकास अधिकारी-सहकारी निरीक्षक वर्ग-2 के छह, बीज परीक्षण सहायक के दो और फार्म पर्यवेक्षक के एक पद पर भर्ती के लिए 24 जनवरी से नौ मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए आवेदक का एग्रीकल्चर या इकोनोमिक्स या बॉटनी में ग्रेजुएट होना जरूरी है।
तीसरी भर्ती : गन्ना विकास विभाग में 100 पदों पर मौका
गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग में गन्ना पर्यवेक्षक के 78, डेरी विकास विभाग में राजकीय दुग्ध पर्यवेक्षक के नौ, चाय विकास बोर्ड में बागान पर्यवेक्षक के चार, जीबी पंत विवि में गार्डन ओवरसियर के एक और खाद्य प्रसंस्करण शाखा वर्ग-3 पर्यवेक्षक के आठ पदों पर भर्ती के लिए 27 जनवरी से 12 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए शैक्षिक योग्यता एग्रीकल्चर या साइंस में 12वीं पास होनी चाहिए।
सभी भर्तियों में शुल्क में छूट
आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक, सभी भर्तियों में आयुसीमा में एक साल की छूट के साथ ही आवेदन की पूरी प्रक्रिया निशुल्क रहेगी। किसी भी जानकारी के लिए आयोग के टोल फ्री नंबर 9520991172 पर कॉल कर सकते हैं।
1500 से अधिक पदों पर जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा और आयुर्वेद विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर, चिकित्साधिकारी और एएनएम पदों पर बंपर भर्ती होगी। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड की ओर से चुनाव आयोग से अनुमति लेने के बाद 1500 से अधिक पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. डीएस रावत ने बताया कि आयुर्वेद विभाग में चिकित्साधिकारियों के 256 पद, चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत राजकीय मेडिकल कालेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 393 पद, स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के 824 पद, श्रम विभाग के तहत ईएसआई अस्पतालों में चिकित्साधिकारी के 33 पदों का प्रस्ताव बोर्ड को मिला है। इन पदों पर जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इससे पहले चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण बोर्ड की ओर से इन पदों की भर्ती शुरू करने के लिए चुनाव आयोग से अनुमति ली जाएगी। बोर्ड के अनुसार एएनएम पदों पर मेरिट के आधार पर नियुक्तियां होगी। जबकि मेडिकल कालेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर और आयुर्वेद विभाग में चिकित्साधिकारियों के पदों पर साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा।