हरिद्वार: डीजीपी अशोक कुमार ने हरकी पैड़ी पहुंचकर पूजा और आरती कर लिया मां गंगा का आशीर्वाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस महानिदेशक का पदभार संभालने के बाद अशोक कुमार परिवार के साथ मंगलवार को मां गंगा का आशीर्वाद लेने हरिद्वार पहुंचे। डीजीपी अशोक कुमार ने पत्नी अलकनंदा अशोक एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हरकी पैड़ी पर संध्याकालीन गंगा आरती कर पूजन किया।
डीपीजी की पत्नी अलकनंदा अशोक ने कहा कि उनके परिवार पर केदार बाबा, बदरीनाथ और मां गंगा की कृपा रही है। इन्हीं की कृपा से अशोक कुमार को डीजीपी बनकर जनता की सेवा करने का मौका मिला है। अलकनंदा अशोक ने कहा कि उनका परिवार मां गंगा का आभार व्यक्त करने आया है।
गंगा सभा के पदाधिकारियों ने डीजीपी को अंगवस्त्र, बादली रुद्राक्ष की माला और गंगा माता का प्रसाद भेंट कर अभिवादन किया। इस दौरान गंगा सभा अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय वशिष्ट, सिद्धार्थ चर्कपाणी, उज्ज्वल पंडित, संजीव नैयर, संदीप शर्मा, आशीष मारवाड़ी, देवेंद्र पटवर, वीरेंद्र कौशिक, शैलेश गौतम समेत पुलिस के अधिकारी गण मौजूद रहे।
अपराध नियंत्रण पहली प्राथमिकता: अशोक कुमार
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि साइबर क्राइम और नशाखोरी नियंत्रण के लिए उत्तराखंड पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए संगठित अपराधियों और जमीनों से संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाया जाएगा।
डीजीपी का पदभार संभालने के बाद आगामी कुंभ तैयारियों की समीक्षा और मां गंगा का आशीर्वाद लेने हरिद्वार पहुंचे अशोक कुमार ने कहा कि अपराधियों से सख्ती से निपटा जाएगा और शिकायत करने वाले की पूरी मदद की जाएगी।
उन्होंने कहा कि धर्मनगरी से उनका विशेष लगाव रहा है। हरिद्वार की गरिमा और धार्मिक स्वरूप का पूरा ख्याल रखा जाएगा। पड़ोसी राज्यों से अपराधियों को हरिद्वार में नहीं घुसने दिया जाएगा। राज्य में अपराध नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
भीड़, यातायात और आतंकी हमले से निपटना होगी चुनौती: डीजीपी
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन हरकी पैड़ी सभागार में आगामी कुंभ मेले को लेकर पुलिस व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीजीपी ने कहा कि कुंभ मेला में पुलिस के सामने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आतंकवादी जैसी घटना से निपटना सबसे बड़ी चुनौतियां होंगी।
डीजीपी ने कहा कि कुंभ में कोविड-19 के खतरे को रोकने के लिए भी पुलिस अपनी कार्ययोजना बनाए। यदि कोविड-19 का अत्यधिक प्रभाव रहता है तो कैसे व्यवस्थाएं संचालित होंगी। आंशिक और बिना कोविड संक्रमण की दृष्टि से पुलिस की क्या व्यवस्थाएं रहेंगी, तीनों हिसाब से कार्ययोजना बनाई जाए। तीनों परिस्थितियों के अनुसार ही कुंभ के लिए पुलिस बल की चरणवार तैनाती होगी। अशोक कुमार ने अपने हरिद्वार कार्यकाल के अनुभव भी साझा किए। कहा कि पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होगी।
पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र अभिनव कुमार ने हरिद्वार पुलिस और कुंभ पुलिस को एक टीम की तरह कुंभ मेला आयोजित कराने के निर्देश दिए। इससे पूर्व पुलिस महानिरीक्षक कुंभ संजय गुंज्याल ने कुंभ को लेकर अब तक की तैयारियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। समीक्षा बैठक में उपनिरीक्षक से ऊपर स्तर के सभी कुंभ मेला पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।