उत्तराखंड मौसम: राजधानी में कई घंटों से हो रही झमाझम बारिश, देहरादून के बाद ऋषिकेश में भी फटा बादल
राज्य के नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले में अगले 24 घंटे में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में आज अधिकतर इलाकों में मौसम खराब है और बादल छाए हुए हैं। बुधवार की सुबह देहरादून में तड़के बारिश हुई। सुबह नौ बजे एक बार फिर झमाझम बारिश हुई और फिर बादल छा गए। सहस्रधारा में जलभराव की सूचना मिली। सूचना पाकर एसडीआरएफ की टीम राहत-बचाव के लिए रवाना हो गई। वहीं धूप और बादलों के बीच दोपहर बाद देहरादून में कई घंटे झमाझम बारिश हुई। जिससे लोग सहम गए।
देहरादून के बाद ऋषिकेश में भी फटा बादल
वहीं ऋषिकेश में शिवपुरी के काटल गांव में बादल फटने की घटना हुई है। यहां बादल फटने की घटना से पुल और बिजली के पोल बह गए हैं। कई गांवों का शिवपुरी से संपर्क कट गया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात को बादल फटने से नरेंद्र नगर ब्लॉक के काटल गांव में खेत, बिजली के पोल और पैदल मार्ग पर बना पुल बह गया। फिलहाल यहां किसी जनहानी की सूचना नहीं है।
बता दें कि मंगलवार रात को देहरादून के संतला देवी क्षेत्र के खाबड़वाला में भी बादल फटने की घटना से काफी नुकसान हुआ है। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा ग्रस्त क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे।
ऋषिकेश में बीन नदी का जलस्तर बढ़ा
मंगलवार की शाम से हो रही मूसलधार बारिश के कारण गंगा और उसकी सहायक नदियां बीन, चंद्रभागा, सोंग और हेंवल नदी उफान पर आ गई है। गंगा चेतावनी रेखा से नीचे बह रही है। चंद्रभागा और गंगा के तट पर बसी बस्तियां खतरे की जद में आ गई है। शासन की ओर से एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन दल को अलर्ट किया गया है। सभी जगह स्थिति अभी नियंत्रण में है। कुंजापुरी के समीप मुख्य मार्ग पर मलबा आने से बुधवार की सुबह चार बजे मार्ग अवरुद्ध हो गया। इसके चलते सभी वाहनों को मुनिकीरेती के भद्रकाली में रोक दिया गया। चार घंटे बाद मलबा हटाने के बाद जहां यातायात सामान्य हो पाया।
धरनारत प्रशिक्षित बेरोजगार फार्मासिस्ट एलोपैथिक महासंघ का टेंट बहा
सहस्त्रधारा रोड एकता विहार स्थित धरना स्थल पर मंगलवार रात को भारी मात्रा में पानी संग मलबा आने से वहां धरनारत प्रशिक्षित बेरोजगार फार्मासिस्ट एलोपैथिक महासंघ का टेंट बह गया। इस दौरान चार-पांच प्रशिक्षित फार्मासिस्ट को करंट लग गया। जिन्हें देर रात दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बदरीनाथ हाईवे कई जगह बंद
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग देवप्रयाग से ऋषिकेश के बीच कई स्थानों में मलबा आने से अवरुद्ध पड़ा है। मंगलवार रात भर हुई तेज बारिश से हाईवे पर कई जगह मलबा आया है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग तोता घाटी और कौड़ियाला में मलबा आने से बीती रात से बंद है। बुधवार सुबह से पर्वतीय क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंगोत्री और बदरीनाथ हाईवे में यातायात प्रभावित हुआ है। श्रीनगर रोड पर जाने वाले वाहनों को बाया टिहरी निकाला जा रहा था। केदारनाथ हाईवे पर यातायात सुचारू है।
मलारी हाईवे बुधवार को 12वें दिन भी बंद
भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला मलारी हाईवे बुधवार को 12वें दिन भी सुचारू नहीं हो पाया है। अधिकारियों का कहना है कि हाईवे पर टनों मलबा और बोल्डर जमा है। इसे हटाने में अभी दो दिन और लग सकते हैं। वहीं, मौसम खराब होने के कारण नीती घाटी में हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। स्थानीय लोगों के साथ ही सेना के जवान पैदल रास्ते पर जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं।
यह भी देखें... उत्तराखंड में तबाही: देर रात राजधानी देहरादून में फटा बादल, बर्बादी का मंजर तस्वीरों में...
वीरभट्टी पर यातायात सुचारू
वीरभट्टी पर बुधवार को यातायात सुचारू हो गया है। अब मार्ग खुलने के बाद फंसे हुए वाहनों के भेजा जा रहा है। कुमाऊं की लाइफ लाइन ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग में वीरभट्टी के पास आए मलबे को हटाकर मंगलवार को पांचवें दिन बमुश्किल पांच घंटे तक ही यातायात सुचारू हो पाया था। दोबारा मलबा आने से मार्ग में एक बार फिर से यातायात ठप हो गया था। इस कारण पहाड़ की ओर जा रहे बड़े वाहन रास्ते में ही फंस गए थे। दोपहिया वाहन चालकों को नैनीताल-भवाली, भीमताल-रानीबाग मार्ग से भेजा जा रहा था।
यह भी देखें... टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे: स्वांला में दरकी पहाड़ी, भारी मलबे के साथ सड़क पर आ गिरा 'पहाड़', तस्वीरें...
उत्तरकाशी में बादल छाए हैं। यहां बारिश होने की संभावना बन रही है। गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर यातायात सुचारू है। वहीं ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे बुधवार की सुबह चार बजे से आठ बजे तक नरेंद्रनगर कुंजापुरी के समीप यातायात के लिए बंद हो गया था। बता दें कि मंगलवार बीती रात हुई बारिश के दौरान हाईवे पर कुंजापुरी के समीप मलबा और बोल्डर गिर गए थे।
नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले में अगले 24 घंटे में भारी बारिश के आसार
राज्य के नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले में अगले 24 घंटे में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके अलावा मौसम विज्ञानियों ने नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ स्थानों पर तेज बौछारों के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जतायी है। जहां तक राजधानी दून का सवाल है तो राजधानी में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
बीती रात बारिश के दौरान आईटीपार्क की एक बिल्डिंग में फंसे 12 लोग
वहीं इससे पहले मंगलवार को दिनभर देहरादून में बारिश का दौर चल रहा था जो देर रात तक जारी रहा। बीती रात देहरादून में हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नालों का पानी लोगो के घरों व अन्य संस्थानों में घुस गया। इस दौरान आईटी पार्क स्थित राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण बिल्डिंग में बारिश का पानी आने के कारण करीब 12 लोग फंस गए। जिन्हें एसडीआरएफ की टीम द्वारा सुरक्षित निकाला गया।
आईटी पार्क से आमवाला की ओर जाती हुई रोड में चौक पर जलभराव के कारण कुछ वाहन फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित रोड पार करवाई गई। बिंदाल नदी में जलस्तर बढ़ने से जलभराव हो गया। मौके पर एसडीआरएफ की टीम पहुंची और झुग्गी झोपड़ियों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर लाया गया। वहीं गजवाड़ी और इंद्रानगर में भी नदी का पानी कॉलोनी में घुस गया, हालांकि बाद में जलस्तर कम होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
राजधानी व आसपास के इलाकों में कई दौर में हुई मूसलाधार बारिश
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्व चेतावनी के मुताबिक मंगलवार को राजधानी दून से लेकर देहात तक कई दौर की मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से राजधानी दून समेत आसपास के इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
जहां राजधानी के के प्रमुख चौराहों दिलाराम चौक, सर्वे चौक, घंटाघर, महाराजा अग्रसेन चौक, कारगी चौक, बुद्धा चौक समेत दर्जनभर बड़े चौराहों पर जलभराव हो गया। वहीं राजधानी के कई इलाकों में नदी-नालों के उफान पर आ जाने से भारी मुसीबत खड़ी हो गई।
मसूरी-दून मार्ग पर गलोगी धार के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर और मलबा
मसूरी में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। मंगलवार को शहर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भारी बारिश से मसूरी-दून मार्ग पर गलोगी धार के पास पहाड़ी से मलबा और बोल्डर आने से सड़क बंद हो गई। जिससे मसूरी और देहरादून जाने वाले लोग घंटों तक परेशान रहे। गलोगी धार में पत्थर और मलबा आने से एक पर्यटक वाहन को नुकसान हुआ। वहीं हरियाणा की कार (नंबर एचआर 38 एए 2410) पर बोल्डर और पत्थर लगने से पर्यटक बाल-बाल बचे।
कुमाऊं में औसत से कम बरसे बदरा
एक अगस्त से 24 अगस्त के बीच चंपावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में कम बारिश हुई। जुलाई में बागेश्वर जिले में 133 प्रतिशत अधिक बारिश हुई जबकि नैनीताल में 19, चंपावत में 32, पिथौरागढ़ में 25, अल्मोड़ा में 11 और ऊधमसिंह नगर में 18 प्रतिशत बारिश कम हुई। अगस्त में अल्मोड़ा में 41, चंपावत में 67, पिथौरागढ़ में 29, ऊधमसिंह नगर में 23 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बागेश्वर में 72 प्रतिशत और नैनीताल में एक प्रतिशत औसत बारिश से अधिक हो चुकी है।
जिला - जुलाई 2020 - अगस्त 2020 - जुलाई 2021 - अगस्त 2021 -जुलाई की औसत बारिश - अगस्त की औसत बारिश
नैनीताल - 372.6 - 349.9 - 399.7 - 353.6 - 491.9 - 350.7
चंपावत -265.9 - 192.3 - 322.4 - 103.7 - 473.2 - 317.3
पिथौरागढ़- 602.9 - 541.1 - 406.1 - 283 - 539.5 - 396.0
अल्मोड़ा - 217.7 - 239.5 - 241.1 - 131 - 273.3 - 220.2
बागेश्वर - 708.9 - 812.7 - 635.6 - 379.1 - 273.3 - 220.2
यूएस नगर -460.8 - 307.3 - 309.9 - 205.1 - 378.5 - 266.7
नोट : अगस्त 2021 की बारिश का आंकड़ा 01 अगस्त से 24 अगस्त 2021 तक का है।
मानसून की गति अभी तक सामान्य है। मानसून सितंबर में विदा होता है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होगी। -विक्रम सिंह निदेशक राज्य मौसम विज्ञान केंद्र