Uttarakhand Lockdown: छूट मिलने के बाद दुकानें खुलीं, लेकिन नहीं उमड़ी लोगों की भीड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में रविवार को छूट वाले नो जिलों में जरूरी चीजों के अलावा अन्य दुकानें खुलीं तो लोगों ने राहत की सांस ली। शाम छह बजे तक दुकानें खुलने देने के कारण रविवार को ज्यादातर दुकानों पर भीड़ नहीं उमड़ी। लोगों ने सुबह 7 बजे से शाम तक आराम से खरीदारी की। इस दौरान खासकर विद्युत उपकरण बेचने, मरम्मत करने और वाहनों की रिपेयरिंग वालों के यहां ज्यादा लोग पहुंचे।
वहीं कोरोना से अधिक प्रभावित रहे देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में रविवार का दिन भी बाकी दिनों की तरह ही रहा। इन जिलों में सुबह सात से दोपहर एक बजे तक केवल जरूरी चीजों की दुकानें ही खुलीं। लॉकडाउन के नियमों का पुलिस सख्ती से पालन कराती नजर आई। सरकार ने शनिवार से ही नौ जिलों में छूट दे दी थी, लेकिन कई जिलों में आदेश न पहुंचने के कारण रविवार को दुकानें बंद रहीं। जहां दुकानें खुली भी थीं वहां पर पुलिस ने दुकानें बंद करा दी।
ये रहा दिनभर का हाल
चंपावत में राहत देने के फैसले का खास असर नहीं रहा। रविवार को भी नगर क्षेत्र की दुकानें शाम छह बजे के बजाय दोपहर एक बजे बंद हो गई। अलबत्ता पाटी, बाराकोट, रीठा साहिब, तल्लादेश आदि ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को किराना, सब्जी के अलावा कपड़े, जूते-चप्पल आदि दुकानें भी खुलीं।
नई टिहरी में रविवार को अधिकांश दुकानें बंद रहीं। नई टिहरी, बौराड़ी, चंबा, आगराखाल, नरेंद्रनगर, गजा, चाका, थत्यूड़, लंबगांव, घनसाली, चमियाला, देवप्रयाग और कीर्तिनगर में पूर्व की भॉति राशन, सब्जी और मेडिकल स्टोर ही सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक खुली रहीं।
अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने रोज की तरह केवल जरूरी चीजों की दुकानें खोलने की ही अनुमति दी है। हालांकि दुकानें खोलने का समय शाम छह बजे तक कर दिया गया है। लेकिन दुकानें एक बजे तक ही बंद हो गई।
उधमसिंहनगर जिला रेड श्रेणी में होने की वजह से पूर्व की तरह ही जरूरी सामानों की दुकानों के साथ ही सिर्फ अनुमति वाली दुकानें ही खोली गई। पुलिस ने बाजारों में घूमकर लॉक डाउन का पालन कराया।
बारिश के कारण देहरादून में आज लोगों की आवाजाही सुबह से ही कम दिखी। सब्जी मंडी में भी लोग सामान लेने नहीं पहुचे। वहीं पुलसकर्मी में भी छाता ओढ़कर ड्यूटी करते नजर आए।
रेड जोन वाले इलाकों, जिसमें नगर निगम देहरादून और डोईवाला क्षेत्र शामिल हैं, को छोड़कर अन्य जगहों पर राहत दिखी। सोशल डिस्टेंस के नियमों के पालन का मिलाजुला रूप देखने को मिला। लोगों को इससे काफी राहत मिली। रेड जोन में आवश्यक सेवा के अलावा और कोई दुकानें नहीं खुली।