उत्तराखंड: ऋषिकेश एम्स के एक नर्सिंग ऑफिसर समेत तीन लोगों में हुई कोरोना की पुष्टि, संक्रमितों की संख्या हुई 51
उत्तराखंड में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के तीन और मामलो सामने आए हैं। एम्स ऋषिकेश के यूरोलॉजी आईपीडी में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर और दून मेडिकल कॉलेज में भर्ती प्रसूता महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। दून की आजाद कॉलोनी निवासी संक्रमित महिला ने एक दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया है।
वहीं, तीसरा संक्रमित मरीज पॉजिटिव महिला का पति बताया जा रहा है। इन तीन संक्रमित मामलों को मिला कर प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 51 पहुंच गई है। इसमें 28 मरीज ठीक हो चुके हैं।
बता दें कि एम्स ऋषिकेश के यूरोलॉजी विभाग की आईपीडी में कार्यरत बापू ग्राम निवासी 28 वर्ष के नर्सिंग ऑफिसर कोरोना संक्रमित मिले हैं। 24 अप्रैल को नर्सिंग ऑफिसर में खांसी जुकाम के लक्षण आए थे। तबीयत खराब होने पर 25 अप्रैल को एम्स में सैंपल की जांच कराई गई, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है।
वहीं, दून मेडिकल कॉलेज में प्रसव के लिए भर्ती आजाद कॉलोनी निवासी 32 वर्ष की महिला में भी कोरोना का संक्रमण मिला है। महिला का प्रसव कोविड 19 की गाइड लाइन के अनुसार पर्याप्त सुरक्षा प्रबंधन के बीच कराया गया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। दोनों को आइसोलेशन में रखा गया है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि नर्सिंग ऑफिसर और महिला और उसके पति में संक्रमण की वजह का पता किया जा रहा है। तीनों मरीजों के संपर्क में आए सभी लोगों की मेडिकल जांच कर उन्हें क्वारंटीन किया जाएगा।
ये है संक्रमितों की स्थिति
देहरादून 27
नैनीताल 10
हरिद्वार 07
ऊधमसिंह नगर 04
अल्मोड़ा 01
पौड़ी 01
हरिद्वार में ठीक हुए तीन संक्रमित मरीज, आज मिलेगी छुट्टी
एम्स के यूरोलॉजी आईपीडी ब्लाक में पूरे स्टाफ और मरीजों का होगा टेस्ट प्रदेश में चिकित्सा कर्मी के कोरोना संक्रमित पाए जाने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले सेना अस्पताल देहरादून में महिला डॉक्टर में कोरोना संक्रमण पाया गया था। अब एम्स ऋषिकेश के यूरोलॉजी आईपीडी में नर्सिंग आफिसर कोरोना संक्रमित मिला है।
यूरोलॉजी आईपीडी ब्लाक के स्टाफ और मरीजों को क्वारंटीन किया गया। सभी कर्मचारियों व भर्ती मरीजों का सैंपल जांच किया जाएगा। यूरोलॉजी ब्लाक में नया मरीज भर्ती नहीं किया जाएगा।
चुनिंदा अस्पतालों में होगा कोविड-19 का इलाज
कोविड-19 अस्पताल के रूप में मेला अस्पताल हरिद्वार, दून हॉस्पिटल देहरादून, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर और सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी, इनमें ही अब से कोविड-19 इलाज होगा, बाकी अन्य अस्पताल पूर्व की भांति अपना कार्य करेंगे।
वहीं, लॉकडाउन के बीच उत्तराखंड सरकार ने राज्य के नौ पहाड़ी जिलों को राहत दी है। अब इन जिलों में अस्पताल पहले की तरह खुलेंगे। ये वह जिले हैं, जहां एक भी कोरोना मरीज नहीं है।