नैनीताल-भवाली मार्ग पर खाई में गिरा वाहन, तीन युवकों की मौत, दो दिन से थे लापता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नैनीताल-भवाली मार्ग पर भुमियाधार के पास एक वाहन खाई में गिर गया। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। सीओ विजय थापा के मुताबिक, तीनों युवक हल्दूचौड़ और कुसुमखेड़ा के रहने वाले थे, जो 18 नवंबर को किसी विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। इसके बाद से ही वे तीनों लापता थे।
वाहन गहरी खाई में होने के कारण हादसे का पता आज सुबह लगा। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतकों की शिनाख्त गणेश (26) पुत्र जयकिशन, गिरीश (25) निवासी हल्दूचौड़ जग्गी व शुभम कांडपाल (26) निवासी कुसुमखेड़ा हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, खाई ज्यादा गहरी होने के कारण शवों को निकालने में भी काफी दिक्कत हुई। हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
गंगोलीहाट में कार खाई में गिरी, एक की मौत एक घायल
गंगोलीहाट तहसील के खिरमांडे के पास एक कार बृहस्पतिवार को खाई में गिर गई थी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया है।
गंगोलीहाट के जाड़ापानी निवासी कमल कुमार (22) पुत्र राजेंद्र राम और सागर प्रसाद पुत्र किशन राम कार संख्या यूके 06टीए 5024 खिरमांडे से जाड़ापानी की ओर जा रहे थे। सुकड़ीधार के पास कार अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे में कार चालक कमल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सागर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही गंगोलीहाट थाना पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस से सीएचसी गंगोलीहाट पहुंचाया। डॉक्टर डॉ. प्रदीप उजाला ने सागर का प्राथमिक उपचार करके उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र पांडेय ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।