उत्तराखंड: काशीपुर में दिनदहाड़े घर में घुसकर प्रेमी को मारी गोली, प्रेमिका को अपहरण कर ले गए बदमाश
- प्रेमी ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में तोड़ा दम, गुलजारपुर गांव में तनाव
- पिता-दो पुत्रों समेत सात लोगों पर मुकदमा दर्ज, एक ने किया आत्मसमर्पण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के काशीपुर में प्रेम प्रसंग के मामले में दबंगों ने प्रेमी के घर में घुसकर उसे गोली मार दी और उसकी विवाहित प्रेमिका को अगवा कर अपने साथ ले गए। घायल प्रेमी ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया, जिसे अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में पिता और दो पुत्रों समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक हमलावर ने कुंडेश्वरी चौकी में आत्मसमर्पण कर दिया है। घटना से क्षेत्र में तनाव है।
कुंडेश्वरी के ग्राम गुलजारपुर, मझरा पत्थरपुरी निवासी गौरव कुमार (22) पुत्र सुरजीत सिंह काशीपुर के एक मोबाइल केयर सेंटर पर काम करता था। कुछ समय पूर्व से गोविंदनगर निवासी एक लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक लगने पर आठ माह पूर्व परिजनों ने लड़की का विवाह पीरूमदारा (रामनगर) निवासी एक युवक के साथ कर दिया। युवती का पति लखनऊ के एक निजी संस्थान में नौकरी करता है। विवाह के बाद भी युवती गौरव के संपर्क में थी। सोमवार तड़के विवाहिता के फोन करने पर गौरव उससे मिलने गया और उसे अपने घर ले आया। विवाहिता को घर में छोड़ने के बाद गौरव पिता के साथ खेत पर चला गया।
सुबह करीब 10 बजे खेत से लौटने के बाद वह घर पर ही था। उस समय घर पर उसके अलावा उसका भाई दीपक, दो भाभियां और मां बूंदा देवी थीं। गौरव का भाई टिंकू पंजाब और अजय दिल्ली गए हुए थे। सुबह करीब 11 बजे कार में सवार होकर सात लोग वहां पहुंचे। उन्होंने गौरव के घर से कुछ दूरी पर एक खेत के सामने कार खड़ी कर दी। इसके बाद वे लोग गौरव के घर में घुस गए। उन्होंने गौरव के साथ मारपीट शुरू कर उसकी प्रेमिका के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने तमंचे के बट से गौरव का सिर फोड़ दिया। परिजन बीचबचाव को पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी हाथापाई की।
इसी बीच एक हमलावर ने 315 बोर के तमंचे से गौरव के सीने में गोली मार दी। खून से लथपथ गौरव जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर गौरव की प्रेमिका को घर से खींचकर फरार हो गए। घायल का भाई दीपक, मौसेरा भाई सोनू और फुफेरा भाई नन्हे उसे प्रधान तरसेम सिंह की गाड़ी से सरकारी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने गौरव को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर एएसपी राजेश भट्ट, सीओ मनोज ठाकुर, कोतवाल चंद्रमोहन सिंह और प्रतापपुर चौकी प्रभारी गणेश पांडे मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
विवाहिता की ऑनर किलिंग की अफवाह से खलबली
सुरजीत ने दो साल में खोए दो जवान बेटे
दो साल के अंतराल में सुरजीत सिंह के परिवार का दूसरा चिराग बुझ गया। सुरजीत का बड़ा बेटा बंटी पीआरडी में था। करीब दो साल पहले बीमारी के चलते उसका निधन हो गया था। सोमवार को गौरव की हत्या के बाद सुरजीत के परिवार को दूसरे बेटे की मौत से बड़ा झटका लगा है। जवान बेटे की मौत से सुरजीत और उसकी पत्नी बूंदा देवी का हाल बेहाल है। भाई की मौत से दोनों बहनों स्वाति और रेखा बेसुध हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गौरव हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का था।
इन पर दर्ज हुआ मुकदमा
गौरव हत्याकांड में तहरीर के आधार पर पुलिस ने थाना कुंडा के ग्राम गढ़ीनेगी निवासी दलजीत सिंह, उसके भाई मंजीत सिंह, गोविंदनगर खत्ता निवासी महेंद्र सिंह, उसके बेटे पुत्रों संदीप सिंह व सोनू सिंह, भीमनगर निवासी काला सिंह और ग्राम सेमलपुरी निवासी संदीप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शव को ला रही एंबुलेंस को चौकी के सामने रोका, जाम लगाया
गौरव हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्राम गुलजारपुर और बाजावाला के ग्रामीणों ने शव पुलिस चौकी के सामने ले जाकर जाम लगाया और प्रदर्शन करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। पोस्टमार्टम होने के बाद ग्रामीण शव को एंबुलेंस में रखकर वाहन को लेकर कुंडेश्वरी चौकी पहुंचे।
उन्होंने एंबुलेंस पुलिस चौकी के सामने खड़ी कर दी। प्रदर्शनकारी सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। गिरफ्तारी में देरी को लेकर ग्रामीणों की सीओ मनोज ठाकुर और कोतवाल चंद्रमोहन सिंह से कहासुनी भी हुई।
सीओ मनोज ने उन्हें जल्द से जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया लेकिन प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नही थे। काफी समझाने के बाद ग्रामीण वहां हटने को राजी हुए। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे की मोहलत दी है।
गौरव हत्याकांड के मुख्य आरोपी दलजीत सिंह ने पुलिस चौकी पहुंचकर सरेंडर कर दिया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई है।
- मनोज ठाकुर, सीओ, काशीपुर।