उत्तराखंड आपदा: चमोली पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, आपदा पीड़ितों से मिलकर दिया मदद का आश्वासन
सीएम पुष्कर सिंह धामी गढ़वाल के दौरे पर रहेंगे तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक नैनीताल जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए दो दिवसीय दौरा करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को चमोली जिले के आपदा प्रभावित डुंग्री गांव पहुंचे और बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने भूस्खलन में लापता दो लोगों के परिजनों से भेंट की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद की बात कही। इसके बाद उन्होंने गोपेश्वर जिला सभागार में अधिकारियों के साथ आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी, संचार और सड़क मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने और आपदा पीड़ित परिवारों तक हरसंभव मदद पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के तहत होने वाले कार्यों में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित डुंग्री गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अतिवृष्टि के कारण भूस्खलन में लापता दो लोगों के परिजनों से भेंट करते हुए परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने डुंग्री गांव में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी भी संसाधन की कमी नहीं होने दी जाएगी। लोनिवि के अधिकारियों को आपदा से बंद सड़कों को शीघ्र खोलने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुचारु हो सके। इसके करीब दो घंटे बाद मुख्यमंत्री गोपेश्वर पहुंचे और जिला सभागार में अधिकारियों से आपदा से हुए नुकसान की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित सभी क्षेत्रों में मेडिकल सुविधा एवं दवाइयां पहुंचाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में लोगों के जीवन को बचाने के लिए पूरे प्रदेश में एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। कहा कि आपदा राहत कार्यों में संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। राहत कार्यों में यदि अतिरिक्त जेसीबी या कहीं पर जेसीबी, एयर लिफ्ट की आवश्यकता है तो संज्ञान में लाया जाए। प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिन क्षेत्रों में दूरसंचार व्यवस्था बाधित हुई है वहां पर वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर डब्लूएलएल फोन की व्यवस्था की जाए। बैठक में पर्यटन एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज, आपदा प्रबंधन मंत्री डा. धन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान और बीआरओ के कमांडर कर्नल मनीष कपिल आदि मौजूद थे।
उत्तराखंड आपदा: जान गंवाने वालों की संख्या 69 पहुंची, लापता लोगों की तलाश जारी
अतिवृष्टि से चमोली में हुई 6385 लाख की परिसंपत्तियों की क्षति
आपदा राहत कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम हिमांशु खुराना ने मुख्यमंत्री को बताया कि अतिवृष्टि के कारण जिले में 6385 लाख की विभागीय परिसंपत्तियों की क्षति हुई है। लोनिवि की 125 सड़क और 8 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। लोनिवि की 125 में से 92 तथा पीएमजीएसवाई की 83 में से 40 सड़कें सुचारु कर दी गई हैं। जिले में बिजली के 450 पोल, 10 ट्रांसफार्मर सहित 92 किमी बिजली लाइन प्रभावित हुई है, जिसमें 205 लाख का नुकसान हुआ है। जोशीमठ में अनुमानित 97.96 लाख तथा गैरसैंण में 0.85 लाख की फसलों का नुकसान हुआ। नारायणबगड़ में 2 भवन क्षतिग्रस्त, एक महिला की मृत्यु और 2 लापता हुए हैं। थराली में 5 भवन क्षतिग्रस्त तथा जोशीमठ में 4 व्यक्ति घायल और 2 पशुहानि हुई है। घाट में 4 भवन क्षतिग्रस्त और 3 पशुहानि हुई है। गैरसैंण में भी पशुहानि हुई। जिलाधिकारी ने जिले में 66 केवी पुरानी बिजली लाइन की समस्या से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
7 नवंबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोनिवि के अधिकारियों को 7 नवंबर तक जिले की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। सड़कों के सुधारीकरण के लिए विभाग को समुचित बजट भी पूर्व में ही मुहैया करा दिया गया है।
आपदा कंट्रोल स्म के संचालन का ढांचा तैयार : सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में आपदा कंट्रोल रूम के संचालन का ढांचा तैयार कर लिया गया है। कैबिनेट की बैठक में ढांचे को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही यह बेहतर रूप में आपके सामने होगा। सीएम ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रधानमंत्री ने हमारा मनोबल बढ़ाया है वहीं गृहमंत्री ने औचक निरीक्षण किया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें 16 अक्तूबर की शाम ही प्रदेश में भारी बारिश, ओलावृष्टि व हिमपात की सूचना मिली। इसके बाद 17 अक्तूबर को सुबह से ही आपदा प्रबंधन मंत्री, मुख्य सचिव के साथ आपात स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी गई। सभी की जागरूकता से जो जनहानि हजारों में हो सकती थी वह 65 से 70 ही रही। प्रधानमंत्री मोदी ने एक अनुरोध में तत्काल सेना के तीन हेलीकॉप्टर भेजे जिनसे सैकड़ों लोगों को रेस्क्यू किया गया।
दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि
सीएम धामी ने सर्किट हाउस पौड़ी में भाजपा की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शिरकत की। इस दौरान सीएम व भाजपाइयों ने आपदा में अकाल मौत के शिकार हुए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा
महाराज बोले-होम स्टे योजना में नहीं मिल रहा लोन
सीएम की बैठक में महाराज ने कहा कि जिले में होम स्टे योजना के तहत आवेदकंो को लोन नहीं मिल रहा है। इसपर सीएम धामी ने जिलाधिकारी को संबंधित विभागों से जुड़े अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में मात्र छह होम स्टे आवेदन स्वीकृत होने पर हैरानी जताई।
राज्य आंदोलनकारी ने जताई नाराजगी
सीएम के सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने राज्य आंदोलनकारी को बैठक हॉल से बाहर जाने को कहा। इस पर राज्य आंदोलनकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सीएम भाजपा के नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के हैं।
भाजपा ने 24 तक स्थगित किए राजनीतिक कार्यक्रम
भाजपा ने 24 अक्तूबर तक सभी राजनीतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। इसके अलावा लोगों की मदद के लिए पार्टी के संभाग कार्यालय में कंट्रोल रूम खोला है, जिसका शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने किया।
मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि आपदा प्रभावित क्षेत्र में जो भी सर्वे आदि होने हैं, उसमें सेतु की तरह कार्य करें। गढ़वाल मंडल में देहरादून और कुमाऊं में हल्द्वानी संभाग कार्यालय में कंट्रोल रूम खोला गया है। यहां के कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट को सौंपी गई। उनके निर्देशन में एक टीम बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों से कहा कि गया है कि पीड़ितों को राशन, कंबल, बर्त्तन आदि जो भी वस्तुओं की आवश्यकता है, उसे भी उपलब्ध कराने में मदद करेंगे।
उन्होंने ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जिला के आपदा प्रभावित बिंदुखत्ता, सूर्याजाला क्षेत्र को देखा है। बिंदुखत्ता में किसानों को मुआवजा देने के मामले में उन्होंने कहा कि वन भूमि का मामला है, इस संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी। कहा कि सूर्याजाला में सड़क आदि को काफी नुकसान हुआ है। मार्ग निर्माण को लेकर भी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। शनिवार को वह रामनगर के आपदा प्रभावित क्षेत्र चुकम का दौरा करेंगे।
इससे पूर्व मदन कौशिक ने विधायक नवीन दुम्का, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि विकास भगत के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के साथ पीड़ितों का हाल जाना। बाद में भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, प्रदेष प्रवक्ता प्रकाश रावत, मेयर जोगेंद्र रौतेला, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चैहान, दीपक मेहरा, जिला महामंत्री प्रदीप जनौटी, कमलनयन जोशी, पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री गजराज सिंह बिष्ट, तरुण बंसल, उमेश शर्मा, रवि कुरिया, विनीत अग्रवाल, नवीन भट्ट आदि मौजूद रहे।