उत्तराखंड: सभी डिग्री कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव की वोटिंग संपन्न, परिणाम जानने के लिए क्लिक करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के 101 सरकारी महाविद्यालयों, 50 अशासकीय महाविद्यालयों और पांच विश्वविद्यालयों में एक ही दिन छात्रसंघ चुनाव के लिए हो रही वोटिंग संपन्न हो गई। ऐसा पहली बार हुआ जब राज्य के सभी डिग्री कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव एक साथ संपन्न कराए गए।
देहरादून के एसजीआरआर पीजी कॉलेज में निर्दलीय प्रत्याशी अध्यक्ष बना। महासचिव पद पर भी निर्दलीय प्रत्याशी का कब्जा रहा। यहां अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के बागी परविंद गुप्ता और महासचिव पर आर्यन के बागी अकमल अली ने जीत दर्ज की है। यहां एबीवीपी और एनएसयूआई को बड़ा झटका लगा है। एमकेपी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की प्रत्याशी निवेदिता राज ने जीत हासिल की।
डीबीएस पीजी कॉलेज में लगातार दूसरे साल भगवा परचम लहराया। छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनबीर नेगी ने एनएसयूआई के सुधांशु जोशी को 662 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। महासचिव पद पर निर्दलीय प्रत्याशी शिवम जोशी ने जीत दर्ज की, जो बाद में एबीवीपी में शामिल हो गए। नतीजे आने के बाद अन्य विजेताओं ने भी एबीवीपी का दामन थाम लिया। इसके बाद एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ विजयी जुलूस निकालकर जश्न मनाया।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के लोकेंद्र प्रसाद कुकरेती ने अपनी प्रतिद्वंदी कुमारी वंदाना कांबोज को 13 वोटों से हराकर जीत दर्ज की है। साथ ही एबीवीपी के उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और विवि प्रतिनिधि के सभी पदों पर जीत का परमच लहराया है। संस्कृत विवि में एबीवीपी छात्रसंघ के सभी पदों पर जीत से गदगद है। छात्रसंघ के विजय प्रत्याशियों को मुख्य निर्वाचन अधिकरी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उत्तरकाशी के पुरोला स्थित राजकीय महाविद्यालय में हुए छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदीप रावत ने एनएसयूआई के विकास विश्वकर्मा को 22 वोट से हराया। अन्य पदों पर भी एबीवीपी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के प्रदीप रावत को 247 व एनएसयूआई के विकास विश्वकर्मा को 225 मत मिले। सुभाष कुमार सचिव, योगेश प्रसाद उपाध्यक्ष, सोनिका सहसचिव, गौतम चौहान कोषाध्यक्ष, अभिषेक विवि प्रतिनिधि व रोशनी छात्रा प्रतिनिधि चुनी गई। प्राचार्य डा. गणेश रतूड़ी एवं चुनाव अधिकारी डा. यमुना प्रसाद रतूड़ी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
पीजी कॉलेज नई टिहरी के छात्र संघ चुनाव में सभी पदों पर सत्यमेव जयते छात्र संगठन के प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया है। अभाविप और एनएसयूआई के प्रत्याशरीयों को मुंह की खानी पड़ी। चुनाव अधिकारी डा. विजय सिंह नेगी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर सत्यमेव जयते के जयदीप रावत 178 मतों से विजयी रहे। उपाध्यक्ष पद पर मानसी नेगी ने कृष्णा को 113 मतों से हराया।
हरिद्वार-रुड़की में नौ कालेजों के छात्रसंघ चुनाव का परिणाम घोषित
हरिद्वार
कालेज का नाम अध्यक्ष कुल वोट मिले छात्र संगठन का नाम
उत्तराखंड संस्कृत विवि लोकेंद्र प्रसाद कुकरेती 147 एबीवीपी
सम्राट पृथ्वीराज चौहान कालेज अतुल चौहान 142 एबीवीपी
चिन्मय डिग्री कालेज कोमल कुमार 17 (सीआर पद्धति से चुनाव)
कन्या गुरुकुल परिसर नेहा कौशिक निर्विरोध निर्दलीय
महिला विद्यालय कालेज कौशर जहां 199 एनएसयूआई समर्थित
रुड़की
कालेज का नाम अध्यक्ष कुल वोट मिले छात्र संगठन का नाम
केएलडीएवी कालेज रुड़की निधि रानी 415 एनएसयूआई
राजकीय डिग्री कालेज लक्सर अभिषेक 147 एबीवीपी
एसडीपीजी कालेज रुड़की कौशर जहां 192 निर्दलीय
बीएसएम कालेज रुड़की अनामिका 18 (सीआर पद्धति से चुनाव)
विकासनगर में निर्दलीय प्रत्याशियों का परचम
वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों ने परचम लहराया है। निर्दलीय प्रत्याशियों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सहसचिव, कोषाध्यक्ष, छात्रा प्रतिनिधि, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि समेत छह पदों में जीत हासिल की। वहीं, आर्यन संगठन सचिव पद पर ही जीत हासिल करने में कामयाब हो सका। चुनाव में एबीवीपी और एनएसयूआई का सूपड़ा साफ हो गया। चकराता में श्री गुलाब सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एबीवीपी ने सभी सीटों पर दर्ज कर दर्ज कर भगवा लहराया। चुनाव में एनएसयूआई का सूपड़ा साफ हो गया। दोनों संगठन पहली बार डिग्री कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में मैदान में उतरे थे।
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला छात्रसंघ चुनाव 2018-19 में एबीवीपी ने पांच मुख्य पदों पर जीत हासिल करके परचम लहरा दिया। एबीवीपी ने अध्यक्ष, महासचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष और छात्रा प्रतिनिधि पद पर किया कब्जा जमाया जबकि एनएसयूआई को यूआर पद पर ही संतोष करना पड़ा, वहीं उपाध्यक्ष पद निर्दलीय के खाते में गया। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के निशांत मिश्रा और महासचिव पद पर पंकज कुमार निर्वाचित हुए। मुख्य पदों में से उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय सुरेखा राणा चुनी गईं। एनएसयूआई को विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद ही मिल सका। नैनीताल जिले के बेतालघाट महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में सभी सीटों पर एबीवीपी के प्रत्याशी निर्विरोध चुने गये। सभी प्रत्याशियों को चुनाव प्रभारी तरुण कुमार ने शपथ दिलाई। एबीवीपी की जीत पर बेतालघाट में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला।
वहीं गोपश्वर कैंपस में छात्र गुटों के बीच बवाल हो गया। जानकारी के मुताबिक एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के जुलूस में शामिल एक छात्र नेता पर सीओ मिथलेश कुमार ने डंडा मार दिया। जिससे वह घायल हो गया।गुस्साए कार्यकर्ता कैंपस गेट पर सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। छात्र का नाम सुमित असवाल बताया जा रहा है। बाद में गुस्साए छात्रों को शांत कराया गया। डीएसबी परिसर नैनीताल में पुलिस ने बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के तीन छात्रों को शराब पीते हुए पकड़ा। हल्द्वानी के एमबी कॉलेज में फर्जी आई कार्ड पकड़े गए। ये आई कार्ड बीकॉम विभाग के बनाए गए हैं।
डीएवी में मतगणना रविवार को होगी
सुबह से ही कॉलेजों के बाहर छात्र-छात्राओं की लंबी लाइनें लग गई। बता दें कि चुनाव शांति पूर्व संपन्न करवाने के लिए पुलिस भी तैनात की गई है। देहरादून के डीएवी को छोड़कर बाकी सभी कॉलेजों में शनिवार को ही चुनाव नतीजे आ जाएंगे। डीएवी में मतगणना रविवार को होगी। शनिवार को राजधानी देहरादून के डीएवी, डीबीएस, एसजीआरआर पीजी कॉलेज, एमकेपी कॉलेज, डोईवाला, ऋषिकेश, चंपावत, रामनगरए हल्द्वानी, नैनीताल, गोपेश्वर, घनसाली के कॉलेज सहित राज्य के सभी कॉलेजों में कहीं सुबह आठ बजे से तो कहीं नौ बजे से मतदान शुरू हुए।
ऋषिकेश के पीजी ऑटोनॉमस कॉलेज में सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। यहां कुल 23 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। टिहरी में घनसाली के बालगंगा महाविद्यालय में 15 उम्मीदवार चुनाव में उतरे हैं। गोपेश्वर स्थित श्रीदेव सुमन विवि में भी शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न हुआ। पीजी कॉलेज अगस्तमुनि, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार, रुद्रप्रयाग डिग्री कॉलेज और जखोली में भी मतदान हुआ।
गढ़वाल मंडल और कुमाऊं मंडल में छात्रसंघ चुनाव की तिथि आठ सितंबर जारी की गई थी। इसी हिसाब से सभी कॉलेजों ने अपनी-अपनी अधिसूचना जारी कर दी थी। पहले डीएवी कॉलेज देहरादून और एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में ईवीएम से चुनाव कराए जाने की घोषणा हुई थी लेकिन समय की कमी की वजह से इस साल यह लागू नहीं हो पाई। लिहाजा, प्रदेशभर के कॉलेजों में बैलेट पेपर से ही चुनाव कराए गए। पहली बार सरकार ने लिंगदोह समिति की सिफारिशों में संशोधन करते हुए चुनाव खर्च की सीमा में बदलाव किया गया।
डीएवी जैसे 10 हजार से अधिक छात्रसंख्या वाले कॉलेजों में खर्च की सीमा 50 हजार रुपये कर दी गई है जबकि 10 हजार से कम छात्रसंख्या वाले कॉलेजों में खर्च सीमा 25 हजार रुपये है। पहले सभी कॉलेजों के लिए यह सीमा पांच हजार रुपये थी।