उत्तराखंड: सीएम ने हरीश रावत पर कसा तंज, कहा 'कश्मीर में तिरंगा आपको अच्छा नहीं लग रहा'
जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के बाद नेताओं के तंज कसते बयान लगातार सामने आ रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत को उनके एक बयान पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को जवाब दिया।
सीएम ने उनसे मुखातिब होते हुए पूछा-हरीश जी, कश्मीर में तिरंगा आपको अच्छा नहीं लग रहा है। सीएम ने कहा-कश्मीर में आज जान-माल का कोई नुकसान नहीं हो रहा, न पत्थरबाजी हो रही है।
सीएम ने हरीश रावत को निशाने पर लिया
अनुच्छेद 370 से जुडे़ मामले में हरीश रावत ने पिछले दिनों बयान जारी करते हुए कश्मीर में असामान्य स्थिति के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि सभी पक्षों को विश्वास में लिया जाना चाहिए था। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में सीएम ने मंगलवार को हरीश रावत को निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा-आज कश्मीर के लाल चौक और श्रीनगर सचिवालय पर तिरंगा फहराया जा रहा है। मुझे लगता है कि रावत जी को इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हरीश रावत से पूछा कि क्या उन्हें वहां पर तिरंगा फहराया जाना अच्छा नहीं लग रहा है। उन्होंने कहा कि वह तो हिसाब बता देगा कि जब आतंकवाद शुरू हुआ था, कितने लोगों ने कश्मीर छोड़ा था। कितने हमारे सैनिक, अर्द्धसैनिक और आम लोगों की 30 साल में हत्या हुई है।