उत्तराखंड: भारी बारिश के बाद भूस्खलन से दो की मौत, तीन साल की बच्ची लापता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारी बारिश के चलते गंगोत्री हाईवे पर मनेरी के निकट हुए भूस्खलन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक तीन वर्षीया बच्ची लापता है। पुलिस, प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
शुक्रवार शाम को मनेरी भटवाड़ी क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। मनेरी के कनेथ तोक में तेज बारिश के साथ भूस्खलन होने से भारी मलबा गंगोत्री हाईवे पर आ गया। इस दौरान शाम करीब पांच बजे उत्तरकाशी से भटवाड़ी की ओर जा रही एक कार मनेरी बैराज के पास भूस्खलन के कारण आगे नहीं बढ़ पाई।
कार में सवार सिल्ला गांव निवासी राकेश रावत (42) पुत्र तेग सिंह रावत, सारी गांव निवासी कविता (28) पत्नी नवीन पंवार और उसकी तीन साल की बेटी सृष्टि भूस्खलन वाले हिस्से को पैदल पार करने के लिए आगे कदम बढ़ाए, तभी पहाड़ी से भारी मलबा आने के कारण वे मलबे के साथ भागीरथी नदी में जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम डा. आशीष चौहान और एसपी ददन पाल समेत पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू के दौरान राकेश और कविता के शव भागीरथी के किनारे से बरामद हो गए, जबकि सृष्टि का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। बचाव टीमें खोजबीन में जुटी हैं।