दिल्ली-देहरादून हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, तड़पता छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर
दिल्ली-दून हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार कंपनी कर्मचारी की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने कंपनी मैनेजर की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, यूपी के मुजफ्फरनगर के पुरकाजी और हाल निवासी रुड़की के भारत नगर मोहम्मद आस पुत्र मोहब्बत अली कोटेक हेल्थ केयर कंपनी, किशनपुर जमालपुर, हरिद्वार में कर्मचारी था।
सोमवार को मोहम्मद आस कंपनी के ही एक कर्मचारी नीरज शुक्ला के साथ बाइक से कंपनी के काम से रुड़की आया था। रात करीब दो बजे दोनों बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर चुंगी के पास पहुंची तो सामने से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी।
इससे मोहम्मद आस गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि नीरज को हल्की चोट आई। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां मोहम्मद आस की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जौलीग्रांट के लिए रेफर कर दिया। मोहम्मद आस ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि कंपनी मैनेजर अनिल कुमार की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही ट्रक चालक की गिरफ्तारी की जाएगी।