यात्रीगण कृपया ध्यान दें, 30 जून तक ट्रेनें फुल हैं, वेंटिंग भी 250 के पार
पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही काठगोदाम से गुजरने वाली अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनों में 30 जून तक सीटें फुल हो गई हैं। वेंटिंग भी 250 के पार पहुंच चुकी है।
गर्मी की छुट्टी और पर्यटन सीजन शुरू होते ही लोगों ने घूमने का प्लान तैयार कर लिया है। अधिकतर लोग बस के बजाय ट्रेन में यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। प्रतिदिन रात 9:45 बजे हावड़ा के लिए जाने वाली बाघ एक्सप्रेस के स्लीपर में वेटिंग 250 के पार पहुंच चुकी है। सेकेंड और थर्ड एसी में वेटिंग 50 से ऊपर है। जम्मू के लिए प्रत्येक मंगलवार को सायं 6:30 बजे जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस में 25 जून तक वेटिंग 200 तक पहुंच गई है।
रानीखेत एक्सप्रेस में स्लीपर वेटिंग 100 के पार
दिल्ली के लिए प्रतिदिन अपराह्न 3:35 बजे संचालित होने वाली शताब्दी एक्सप्रेस और जैसलमेर के लिए प्रतिदिन रात 8:35 बजे जाने वाली रानीखेत एक्सप्रेस में स्लीपर वेटिंग 100 के पार पहुंच चुकी है। प्रतिदिन सायं 7:45 बजे जाने वाली देहरादून एक्सप्रेस में भी स्लीपर वेटिंग 100 के पार है। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, कानपुर सेंट्रल जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस, लखनऊ एक्सप्रेस और नैनी दून जनशताब्दी एक्सप्रेस की अधिकांश सीटें 20 जून तक फुल हो चुकी हैं।
लखनऊ एक्सप्रेस में लगा अतिरिक्त कोच
गर्मियों में यात्रियों की बढ़ती तादाद को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बुधवार से काठगोदाम से संचालित बाघ एक्सप्रेस में एसी तृतीय श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच लगा दिया है, जिसके चलते वेटिंग लिस्ट वाले अधिकांश यात्रियों का टिकट कंफर्म हो गया। अतिरिक्त कोच की सुविधा 16 अगस्त तक रहेगी।