Corona in Uttarakhand: 24 घंटे में 36 नए संक्रमित मिले, दो मरीजों की हुई मौत
- कुल संक्रमितों की संख्या 97480 हुई, 600 सक्रिय मरीज
विस्तार
उत्तराखंड में बीते 24 घंटे के भीतर दो कोरोना मरीजों की मौत हो गई और 36 संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा 97480 हो गई है। जबकि 600 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुुधवार को 12628 सैंपलों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं, पांच जिलों में कुल 36 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। हरिद्वार जिले में 19, नैनीताल में 12, ऊधमसिंह नगर में तीन, पौड़ी में एक, रुद्रप्रयाग जिले में एक संक्रमित मिला है। जबकि देहरादून समेत आठ जिलों में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला है।
प्रदेश में दो कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इसमें एम्स ऋषिकेश में एक, मैक्स हास्पिटल में एक मरीज ने दम तोड़ा है। अब तक 1697 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 45 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। इन्हें मिलाकर 93858 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 600 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।
रुड़की में वैक्सीनेशन के लिए तीन और सेंटर शुरू
रुड़की में कोरोना से बचाव ते चल रहे टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तीन और टीकाकरण सेंटर खोले हैं। इससे पहले से खुले टीकाकरण सेंटरों पर भीड़ कम होने की उम्मीद है।
अभी तक सिविल अस्पताल, नगर निगम और दो निजी अस्पतालों में टीकाकरण हो रहा ही। लोगों की भीड़ के कारण सिविल अस्पताल में आए दिन हंगामा होता है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नगर निगम में टीकाकरण अभियान शुरू कराया। वहीं बुधवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरानी तहसील, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डीएवी तिराहा और पुरानी कचहरी में केंद्र बनाए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल ने बताया कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बुजुर्गों का टीकाकरण होगा। सेंटर बढ़ने से वैक्सीन लगवाने आ रहे बुजुर्ग और फ्रंट लाइन वर्कर आदि को काफी आसानी होगी। अब सिविल अस्पताल में भी टीका लगवाने के लिए ज्यादा देर लाइन नहीं लगना पड़ेगा।