नेपाल के रास्ते आ सकते हैं आतंकी, बॉर्डर पर अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी घुसपैठ की आशंका के मद्देनजर नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा प्रबंध कड़े किए गए हैं। आवाजाही के बनबसा बॉर्डर के वैधानिकी मार्ग के अलावा जंगल और चोर रास्तों पर भी सुरक्षा एजेंसियां नजर रखे हैं। आवाजाही करने वालों की गहनता से तलाशी ली जा रही है।
डीआईजी पुष्कर सिंह सैलाल एवं एसपी डीएस कुंवर के निर्देश पर एसएसबी, पुलिस और खुफिया तंत्र खासा अलर्ट है। पुलिस के साथ ही एसएसबी, सीआईएसएफ और खुफिया तंत्रों को खासा सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय संपत्तियों के अलावा धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस और सुरक्षा तंत्रों की पैनी नजर है।
सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि टनकपुर एवं बनबसा में संदिग्ध एवं अनजान व्यक्तियों पर नजर रखने और सीमा के मार्गों पर सघन गश्त करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिले की ऊधमसिंह नगर से सटी सीमा पर भी खास चौकसी बरती जा रही है। शुक्रवार को टनकपुर बॉर्डर में एसएसबी के साथ खुफिया विभाग के कर्मचारियों ने भी आवाजाही करते लोगों की सघन चेकिंग की।
पिथौरागढ़ में भी अलर्ट, सीमा पर गश्त जारी
वहीं पिथौरागढ़ में भी स्वाधीनता दिवस पर पूरे जिले में अलर्ट जारी है। नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कांबिंग चल रही है। जिला मुख्यालय में एसपी रोशन लाल शर्मा के निर्देश पर मैदानी इलाकों से आने वाली बसों तथा अन्य वाहनों की चेकिंग की गई।
नेपाल सीमा पर झूलाघाट से लेकर कालापानी तक एसएसबी और पुलिस के जवान गश्त कर रहे हैं। एसपी ने बताया कि नेपाल से आने वाले हर व्यक्ति की गहन चेकिंग की जा रही है। एसएसबी के साथ तालमेल बनाया गया है। जौलजीबी में थाना प्रभारी श्याम लाल के नेतृत्व में सीमा पर कांबिंग की गई। झूलाघाट में थाना प्रभारी रोहताश सागर के नेतृत्व में नेपाल सीमा से सटे इलाकों में चेकिंग जारी रही।
इधर, जिला मुख्यालय में उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बसों और वाहनों की चेकिंग की। दोपहर तक मैदानी इलाकों से आने वाली दस बसों और दो दर्जन छोटे वाहनों को चेक किया गया। इसके अलावा होटलों में भी चेकिंग की गई।