लापता छात्रा के मामले में स्वामी चिन्मयानंद ने साधी चुप्पी, बोले जो कहना है शाहजहांपुर जाकर कहेंगे
पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने एक छात्रा के अपने ऊपर लगाए आरोपों को लेकर चुप्पी साध ली है। उनका कहना है कि वह जल्द शाहजहांपुर जाएंगे और जो कहना है वहीं जाकर कहेंगे।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से सांसद और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में गृह राज्य मंत्री रहे स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के शाहजहांपुर स्थित कॉलेज की एक छात्रा लापता है। आरोपों की आंच उन तक भी आ रही है। इन दिनों स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती हरिद्वार स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम में हैं।
बुधवार को मीडिया में छात्रा की गुमशुुदगी के प्रकरण में जब उनका नाम उछला तो पत्रकारों ने आश्रम पहुंचकर उनका पक्ष जानने की कोशिश की। सप्तऋषि क्षेत्र में स्थित उनके परमार्थ निकेतन आश्रम में दिन भर मीडियाकर्मियों का जमावड़ा रहा, लेकिन उन्होंने किसी से बात नहीं की।
शाम के समय एक बार फिर पत्रकारों ने स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती से बात करने की कोशिश की, लेकिन स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने किसी भी सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। सिर्फ इतना कहा कि उन्हें जो कहना है, वह शाहजहांपुर जाकर ही कहेंगे।
इतना कहकर वह गंगाघाट की तरफ चल दिए। आश्रम में सन्नाटा पसरा हुआ है। वर्ष 2012 में भी स्वामी चिन्मयानंद पर उनकी एक शिष्या ने गंभीर आरोप लगाए थे। अलबत्ता, स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती बाद में सारे आरोपों से बच गए थे।