स्वच्छता सर्वेक्षण 2020: उत्तराखंड की नगर पंचायत नंदप्रयाग ने देशभर ने पाया पहला स्थान, पीएम करेंगे सम्मानित
- स्वच्छता सर्वे 2020 के लिए केंद्र की टीम ने दो बार किया था निरीक्षण
- वर्चुअल कांफ्रेंस के माध्यम से प्रधानमंत्री 20 को करेंगे नगर पंचायत अध्यक्ष को पुरस्कृत
विस्तार
स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में देशभर में नगर पंचायत नंदप्रयाग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। 20 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देहरादून में वर्चुअल कांफ्रेंस के माध्यम से नगर पंचायत अध्यक्ष डा. हिमानी वैष्णव को सम्मानित किया जाएगा।
नगर में स्वच्छता को लेकर अप्रैल 2019 में अखिल भारतीय स्तर पर स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू हुआ था, जो 31 जनवरी 2020 तक चला। इसके तहत केंद्र सरकार की टीम ने दो बार नगर का निरीक्षण किया था।
अलकनंदा और नंदाकिनी नदी के संगम पर स्थित नगर पंचायत नंदप्रयाग करीब तीन किलोमीटर परिक्षेत्र में फैला है। इसमें चार वार्ड मुनियाली, शकुंतलाबगड़, अपर बाजार और चंडिका मोहल्ला शामिल है। नगर पंचायत की जनसंख्या 2447 है। स्वच्छता के ऑनलाइन सर्वे के लिए आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय केंद्र सरकार ने नंदप्रयाग में स्वच्छता को लेकर आम लोगों का फीडबैक लिया था, जिसमें करीब छह हजार लोगों ने स्वच्छता पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी।
भूमिगत है डंपिंग जोन, ऊपर बनेगा पार्क : हिमानी
शहरी विकास निदेशक विनोद कुमार सुमन ने बताया कि 20 अगस्त को सुबह ग्यारह बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नगर पंचायत अध्यक्ष डा. हिमानी वैष्णव को सम्मानित करेंगे।
छोटे से नगर क्षेत्र नंदप्रयाग को स्वच्छ रखने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया गया। घर-घर में गीले और सूखे कूड़े के लिए कूड़ेदान बांटे। नगर से करीब एक किलोमीटर दूर कूड़ा डंपिंग जोन बनाया गया। गीला कूड़े से अभी तक करीब 50 क्विंटल खाद तैयार की गई है। यहां भूमिगत डंपिंग जोन बनाया गया है और इसके ऊपर ईको पार्क बनाने की योजना है।