SSC परीक्षा में इलेक्ट्रानिक डिवाइस के साथ पकड़ा गया छात्र, इस तरह बिछाया था जाल
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की आनलाइन परीक्षा शुरू होने से पहले तलाश के दौरान एक अभ्यर्थी के पास से ब्लू-टूथ डिवाइस, पैन ड्राइव और चिप बरामद की गई है। आरोपी युवक इन इलेक्ट्रानिक डिवाइस के माध्यम से नकल करने की फिराक में था। आरोपी युवक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
परीक्षा निरीक्षक अधिकारी डा. नरेश चौधरी ने बताया कि बृहस्पतिवार को शिवालिक नगर स्थित अवरत इंस्टीट्यूट सोसाइटी में 10 से 11.30 बजे के बीच एसएससी की ऑनलाइन परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों की तलाशी ली जा रही थी।
तलाशी के दौरान एक अभ्यर्थी के शूज से ब्लूटूथ डिवाइस, पैन ड्राइव और अंगुठे में लगाई एक चिप बरामद की गई। डा. चौधरी ने बताया कि आरोपी युवक बरामद किए गए इन इलेक्ट्रानिक डिवाइसों के माध्यम से एसएससी की आनलाइन परीक्षा में नकल करने की फिराक में था।
50 हजार में हुआ था नकल कराने का ठेका
उन्होंने बताया कि खेकडा जिला बागपत के रहने वाले आरोपी नितिन को पुलिस को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के लिए 216 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। 76 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
आरोपी युवक ने बताया कि अंगुठे में लगाई गई चिप को वह अपने कान में लगा लेता। इसके बाद उस पर फोन आता। इसके माध्यम से वह प्रश्नों को हल कर देता। इसके लिए उसे 50 हजार रुपये देने थे। नितिन ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने यह इलेक्ट्रानिक डिवाइस दस हजार में बागपत के एक युवक से खरीदी थी।