होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों ने सरकार से तत्काल चार धाम यात्रा शुरू करने की मांग की है। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संदीप साहनी ने कहा कि चार धाम यात्रा उत्तराखंड की आर्थिकी की रीढ़ है। कोरोना महामारी के चलते कई लोग रोजगार गंवा चुके हैं, ऐसे लोगों के लिए चार धाम यात्रा एक वरदान साबित हो सकती है। इस लिए सरकार को चार धाम और हेमकुंड साहिब यात्रा शुरू करने को लेकर तत्काल ठोस निर्णय लेना चाहिए। कहा कि होटलियर अप्रैल से लगातार सरकार से हाउस टैक्स में छूट, होटल कर्मचारियों को छह माह का वेतन, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के बिजली, पानी के बिलों में छूट की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई निर्णय नहीं लिया गया। मसूरी ट्रेडर्स अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं, जिसका खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष आरएन माथुर, शैलेन्द्र कर्णवाल, रजत कपूर, संजय अग्रवाल, हर्षदा वोहरा, जगजीत कुकरेजा मौजूद रहे।