{"_id":"5e4fa4468ebc3ef38359c310","slug":"sridev-suman-university-vice-chancellor-did-not-get-college","type":"story","status":"publish","title_hn":"गजब : परीक्षा की जांच को पहुंचे श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति तो कॉलेज ही नहीं मिला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गजब : परीक्षा की जांच को पहुंचे श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति तो कॉलेज ही नहीं मिला
Fri, 21 Feb 2020 03:34 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal
Updated Fri, 21 Feb 2020 03:34 PM IST
सार
- परीक्षा केंद्र किया निरस्त, कई कॉलेजों में मिलीं भारी अनियमितताएं
- दो कॉलेजों की मान्यता की जांच बैठाई, कई पर लटकी तलवार
- हरिद्वार और रुड़की के 10 कॉलेजों में मारा कुलपति ने छापा
विज्ञापन
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति की जांच में निजी कॉलेजों की अंधेरगर्दी खुलने का अजब वाकया सामने आया है। लक्सर में कुलपति जिस कॉलेज में परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे, वहां कॉलेज ही नहीं मिला। उन्होंने तत्काल परीक्षा केंद्र निरस्त करते हुए कॉलेज की संबद्धता की जांच बैठा दी है।
विज्ञापन
श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डॉ. पीपी ध्यानी ने बृहस्पतिवार को हरिद्वार और रुड़की के 10 कॉलेजों का निरीक्षण किया। फोनिक्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस रुड़की में सीसीटीवी सही तरीके से काम करते नहीं पाए गए। कुलपति ने तत्काल सुधार न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। आईएमएस रुड़की में टीम पहुंची। यहां व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं।
विज्ञापन
राजकीय डिग्री कॉलेज मंगलौर में भी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। इसके बाद टीम बीएसआई कॉलेज रुड़की पहुंची। यहां उत्तर पुस्तिकाओं का रख-रखाव यथावत नहीं था। कुलपति ने सुधार के आदेश दिए। इसके बाद टीम एपेक्स इंस्टीट्यूट लंढौरा पहुंची। यहां बिल्डिंग के आगे एक चबूतरा बनाया गया है, जिस वजह से कोई भी आसानी से भीतर नहीं जा सकता।
विज्ञापन
कुलपति ने इसे तत्काल हटाने को कहा। चमन लाल डिग्री कॉलेज लंढौरा में व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। हिमगिरी डिग्री कॉलेज लंढौरा में स्ट्रॉन्ग रूम का ताला खुला मिली, उत्तर पुस्तिकाएं भी यथावत नहीं थीं। स्ट्रॉन्ग रूम में ही छात्रों के बैग और मोबाइल भी पड़े हुए थे। इस पर कुलपति ने 24 घंटे के भीतर सुधार न करने पर परीक्षा केंद्र निरस्त करने की चेतावनी दी।
हर्ष रामकली डिग्री कॉलेज लक्सर में बीए इतिहास की परीक्षा के दौरान कॉपियों और पेपर का रख रखाव ठीक नहीं पाया गया। इस कॉलेज को भी 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया। पीडीडीएस कॉलेज लक्सर को विवि ने परीक्षा केंद्र बनाया हुआ है। टीम जब मौके पर पहुंची तो पता चला वहां कॉलेज ही नहीं था। कुलपति ने तत्काल परीक्षा केंद्र निरस्त करते हुए यहां के छात्रों का परीक्षा केंद्र आरबीएस डिग्री कॉलेज को बना दिया। इस कॉलेज की संबद्धता जांच बैठा दी गई है।
इसी प्रकार केआईटी कॉलेज में भी बिल्डिंग बेहद जर्जर मिली। भविष्य के लिए परीक्षा केंद्र नहीं बनेगा। कॉलेज की संबद्धता की जांच भी बैठा दी गई है। आरबीएस डिग्री कॉलेज में उत्तर पुस्तिकाओं का रख रखाव दुरुस्त करने को कहा गया। छापा मारने वाली टीम में परीक्षा नियंत्रक डॉ. आरएस चौहान, एसडी नौटियाल भी शामिल रहे।