देहरादून। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित अंतर-विद्यालयीय हॉकी प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर व हरिद्वार ने अपने-अपने वर्गों में खिताब जीता है।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में चल रही हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को अंडर-17 बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर व हरिद्वार के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज ने एकतरफा 8-1 से जीत दर्ज की। इसमें सूरज नेगी ने 4, विशाल व रोहित ने 2-2 गोल दागे। बालिका वर्ग का फाइनल हरिद्वार व देहरादून के बीच हुआ। इसमें हरिद्वार 6-0 से विजयी रहा। सलोनी, खुशी ने 2-2, गुलशमा, गूंजन ने 1-1 गोल किया। मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा रानी पैन्यूली ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। आशा रानी पैन्यूली ने कहा कि हॉकी राष्ट्रीय खेल है। हॉकी के प्रति युवाओं की रुचि सराहनीय है। यही सोच हॉकी को न्याय दिलाएगी। निर्णायकों में विरेंद्र बिष्ट, अमित कटारिया, सैमुअल चंद्रा, सतीश जोशी, कामिनी धीमान, सुधारानी, सोनिया जैन, रोहित चौहान, दिव्या राणा थे। इस अवसर पर जिला खेल समन्वयक रविंद्र सिंह रावत, सुरेश बिजल्वाण, अजय नैथानी, जयंत कुमार, भगवती नौटियाल, बृजेश नेगी, गोपाल कठैत आदि मौजूद रहे।