उत्तराखंड: मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, इन तीन जिलों में रविवार को होगी भारी बर्फबारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के तीन पहाड़ी जिलों में आज भी भारी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने तीनों जिलों के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। निचले पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है।
वहीं चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है। राजधानी देहरादून में भी हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बर्फबारी को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
बदरी-केदार व हेमकुंड साहिब में हुई बर्फबारी
केदारनाथ में दिनभर रुक-रुककर हल्की बर्फबारी होती रही। इस दौरान आधा फीट नई बर्फ जम चुकी है। धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां अधिकतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम माइनस 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब में दोपहर बाद बर्फबारी हुई। बदरीनाथ में तापमान माइनस 9 रहा।
चमोली जिले में शनिवार को दोपहर बाद बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, नंदा घुंघटी, रुद्रनाथ, नीती और माणा घाटियों में बर्फबारी हुई, जबकि दिनभर निचले क्षेत्रों में शीत लहर का प्रकोप रहा। सुबह जिले में चटख धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आसमान में घने बादल छा गए। दोपहर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई थी, जो रुक-रुककर देर शाम तक भी जारी रही। शनिवार को बदरीनाथ धाम का तापमान अधिकतम पांच और न्यूनतम माइनस नौ रहा।
बर्फ के ऊपर पाला गिरने से हाईवे को खतरनाक
ऊखीमठ में तीन दिन पूर्व हुई बर्फबारी के बाद से कुंड-चोपता-मंडल-गोपेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग जानलेवा बना हुआ है। मक्कूमठ बैंड से दुगलबिट तक मार्ग पर गिरी बर्फ के ऊपर पाला पड़ने से वाहन फिसल रहे हैं।
ऊखीमठ से चोपता पहुंच रहे पर्यटकों को दुगलबिट्टा से चोपता तक करीब पांच किमी रास्ता पैदल नापना पड़ रहा है। क्योंकि हाईवे पर इस पूरे क्षेत्र में बर्फ और उसके ऊपर पाला पड़ा है, जिससे फिसलन हो रही है। बीते मंगलवार को वाहन रपटकर खाई में जा गिरा, जिसमें चालक चोटिल हो गए थे।
पूरे क्षेत्र में चोपता से कांचुलाखर्क तक भी हाईवे बर्फ से ढका हुआ है, जिस पर पैदल आवाजाही भी नहीं हो पा रही है। इधर, एनएच के ईई जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हाईवे को नियमित यातायात के लिए बेहतर किया जा रहा है।
पुलिस ने मजदूरों को बांटे कंबल
थानाध्यक्ष अनिरुद्ध मैठाणी के नेतृत्व में थाने के हेड कांस्टेबल मोर सिंह चौहान और महिला कांस्टेबल अमिता ने धनराशि इकट्ठा कर थाने के समीप भवन निर्माण कार्य में जुटे पांच मजदूरों को कंबल बांटे।