नौ साल में छह मई सबसे अधिक गर्म दिन, पारा फिर पहुंचा 40 डिग्री सेल्सियस
हफ्ते की शुरुआत में ही पारा फिर से चढ़ने लगा है। छह मई का दिन बीते नौ साल में सबसे गर्म दिन के रूप में रिकॉर्ड किया गया। पारा फिर से 40 डिग्री सेल्सियस को पार करने लगा है। दिन भर धूल भरी आंधी और गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे। अगले चौबीस घंटे में राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम ने इस बार अप्रैल से ही नए रिकार्ड बनाने शुरू कर दिए थे। मई में भी तापमान का पारा लगातार बढ़ता रहा लेकिन बीते दो दिनों से तापमान में कुछ कमी रिकार्ड की गई थी लेकिन सोमवार को फिर से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सैल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बीते नौ साल में छह मई को इतना तापमान कभी भी रिकार्ड नहीं हुआ। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। नैनीताल का अधिकतम पारा 26 और न्यूनतम पारा 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम बुलेटिन
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटों में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा लेकिन कहीं कहीं आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। राज्य के शेष स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा।
छह मई का वर्षवार पारा (डिग्री सेल्सियस)
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2011 36.2 23.9
2012 36.8 18.3
2013 38.0 20.9
2014 32.0 22.5
2015 37.5 21.0
2016 32.0 20.4
2017 39.0 19.5
2018 36.5 22.4
2019 40.0 17.5