रन फॉर यूनिटी में अधिकारियों संग दौड़े सीएम, कहा सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधा है। उन्होंने बगैर किसी खून-खराबे के 550 रियासतों को भारत में विलय कराने में अहम योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को पटेल जयंती पर सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क घंटाघर से निकाली गई रन फॉर यूनिटी रैली में भी हिस्सा लिया। रैली कनक चौक होते हुए गांधी पार्क में समाप्त हुई।
इससे पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पार्क में लगी सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण और लोकार्पण किया गया, यह विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा है।
इसकी ऊंचाई 182 मीटर है। कहा कि सरदार पटेल का स्वतंत्रता के संघर्ष और आजादी के बाद देश की एकता में महत्वपूर्ण योगदान है। सरदार पटेल ने देश की आजादी के बाद बिना खून बहाए 550 रियासतों का भारत में विलय किया और देश को एकता के सूत्र में बांधा। यही कारण है कि आज देश उन्हें याद कर रहा है। उधर, मुख्यमंत्री आवास पर भी सरदार पटेल की जयंती मनाई गई।
भाजयुमो महामंत्री राजेश रावत ने कहा कि हम सभी को सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। इस दौरान उत्तराखंड प्रभारी श्याम जाजू, उच्च शिक्षामंत्री धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कैंट विधायक हरबंस कपूर, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, महानगर अध्यक्ष श्याम पंत, महामंत्री प्रदीप आनंद, दीपक अग्रवाल, गौरव सहगल, अमित राणा, अखिलेश भारती, रंजीत सेमवाल, विवेक डंगवाल, नवनीत काला, अमित वर्मा आदि मौजूद रहे।
जिला खेल कार्यालय की ओर से परेड ग्राउंड में सरदार बल्लभ भाई पटेल के 143वीं जयंती पर रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुरुष और महिला वर्गों में प्रथम आठ प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसमें पुरुष वर्ग में सुशील सिंह, शमशेर सिंह, आमीर, योगेंद्र सिंह, उमेश वर्मा, सुशील कुमार, रवि रावत और भोजराज अवस्थी प्रथम रहे। वहीं, महिला वर्ग में प्रियंका, सुरभी, तनिषा भट्ट, कृतिका, खुशी, योगेश्वरी, सुशीला और शिवानी अव्वल रहीं। इससे पूर्व मुख्य अतिथि रहे जिला खेल के निदेशक प्रताप सिंह शाह ने दौड़ का शुभारंभ किया। इस मौके पर वीर सिंह बुदियाल, दिनेश असवाल, गुरुफूल सिंह, केजेएस कालसी, कुमार थापा, बिजेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।