गोपालदास ने नैनीताल हाईकोर्ट को भेजा पत्र, हरिद्वार प्रशासन के खिलाफ की शिकायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अविरल गंगा के लिए संकल्पबद्ध संत गोपाल दास को एम्स से देर रात पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करने के बाद पत्राचारों का नया दौर फिर से शुरू हो चुका है। गोपालदास ने नैनीताल हाईकोर्ट को भेजे ताजा पत्र में हरिद्वार प्रशासन के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि अफसर उन्हें अनावश्क रूप से फुटबाल सरीखा बना चुके हैं। इस क्रम में उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ को भी अर्जी दी है कि उन्हें एम्स दिल्ली के लिए रेफर कर दिया जाए।
गोपाल दास ने मुख्य न्यायधीश से कहा है कि अविरल गंगा की मांग के चलते उन्हें परेशान किया जा रहा है। जबरन एलौपैथिक दवाएं दी जा रही हैं जिसके साइड इफेक्ट अब उन्हें बर्दाश्त नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा है कि बार-बार लिखित आग्रह के बावजूद आयुर्वेद, होम्योपैथ, यूनानी की चिकित्सा नहीं उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा है कि हिमालय जोन में हो रहा प्रकृति विरोधी विकास खतरे की घंटी है। उन्होंने गंगत्व के लिए संघर्षरत रहे स्वामी सानंद की मौत को रहस्यमयी बताते हुए कोर्ट के दखल की भी मांग की है। पत्र मे मुख्य न्यायधीश को मातृ सदन में आंमत्रित भी किया है जिससे वह गंगा के संरक्षण को लेकर हो रहे सत्याग्रह का संज्ञान ले सकें।
पश्चाताप करना है तो एक्ट लागू करिए
गोपाल दास ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में तल्ख भाषा का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा है कि यदि स्वामी सानंद के बलिदान पर पश्चाताप करना है तो गंगत्व को संरक्षित करने वाला एक्ट लागू करिए। फर्जी के ट्वीट से काम नहीं चलेगा। स्वामी सानंद की मौत से राष्ट्र की क्षति हुई है। देश का प्रधान सेवक होने के नाते गंगा अध्यादेश लागू करें। ऐसा नहीं हो पा रहा है तो डिजिटल इंडिया पर आपका घड़ियाली आंसू बहाना व्यर्थ है।
गोपाल दास के सहयोगी ने क्षतिग्रस्त एंबुलेंस की फोटो भेजी
गोपाल दास को एम्स से पीजीआई चंडीगढ़ ले समय एंबुलेंस के एक्सीडेंट की सूचना से काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। जानकारी की पुष्टि के लिए जब एम्स पीआरओ हरीश कुमार थपलियाल से बात की गई तो उन्होंने ऐसी किसी घटना से इनकार किया। उधर, गोपाल दास के साथ पीजीआई जा रहे चिकित्सकों में से एक डा. अरनव से देर रात बात हुई तो उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट हुआ है लेकिन हमारे एंबुलेंस का नहीं है। दूसरी गाड़ी थी जो कि ट्रक से लड़ी है और उसका हेडलैंप टूटा है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह गोपाल दास के सहयोगी बब्लू ने दुर्घटना की फोटो भेजी है जिसमें उनकी एंबुलेंस का हेडलैंप् टूटा हुआ दर्शाया गया है। बब्लू का कहना है कि हम बृहस्पतिवार की देर रात करीब 1:30 पर पीजीआई पहुंचे। रास्ते में हमारी एंबुलेंस ट्रक से टकराई थी। इस घटना में गोपालदास की कमर में चोटें भी आई हैं।