रुड़की : धोखाधड़ी में नगर निगम का क्लर्क गिरफ्तार, बनाए थे फर्जी हाउस टैक्स बिल व अन्य दस्तावेज
- एक मकान के फर्जी हाउस टैक्स बिल व अन्य दस्तावेज थे बनाए
- पिछले साल एक व्यक्ति ने दर्ज करवाया था कोतवाली में मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक मकान के फर्जी हाउस टैक्स बिल समेत अन्य दस्तावेज बनाने के मामले में पुलिस ने नगर निगम के एक क्लर्क को गिरफ्तार किया है। नगर निगम क्लर्क की गिरफ्तारी के बाद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। पिछले साल एक व्यक्ति ने मामले में क्लर्क के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था।
रुड़की के मोहल्ला कानून गोयान निवासी पंकज सिंघल ने पिछले साल जून में पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि नगर निगम के रिकार्ड क्लर्क शिव कुमार ने कूट रचित कर उनकी दादी के नाम मकान के फर्जी हाउस टैक्स बिल, जन्म प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज बनाए है। इन फर्जी दस्तावेज के आधार पर कुछ लोगों ने उनकी दादी के नाम मकान को बेच दिया।
उन्होंने इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से भी की थी। नगर निगम की ओर से मामले की जांच की गई थी, तो जांच में पाया गया था कि क्लर्क ने फर्जी दस्तावेज बनाए थे। इस पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने क्लर्क शिव कुमार निवासी मकतूलपुरी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद से पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही थी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि क्लर्क शिव कुमार को धोखाधड़ी के मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में क्लर्क से पूछताछ की जा रही है।
सुबह दफ्तर तो शाम को पहुंचा हवालात
नगर निगम के क्लर्क की गिरफ्तारी पुलिस ने शुक्रवार शाम की। सुबह क्लर्क शिवकुमार घर से नगर निगम पहुंचा था। गिरफ्तारी के बाद वह शाम को हवालात में पहुंच गया।
पहली बार नगर निगम कर्मचारी गिरफ्तारी
रुड़की नगर निगम बनने के बाद धोखाधड़ी के मामले में पहली बार किसी कर्मचारी की गिरफ्तारी हुई है। क्लर्क की गिरफ्तारी के बाद नगर निगम के कामकाज को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होना शुरू हो गई है। लोगों में चर्चा है कि अगर शासन या प्रशासन नगर निगम की जांच कराए तो कई और ऐसे मामले पकड़ में आ सकते हैं।
इधर, दारोगा का रुपये लेते कथित वीडियो वायरल
एक दारोगा का रुपये लेते एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दारोगा मंगलौर कोतवाली का बताया जा रहा है। इस मामले में संत शिरोमणी रविदास सेना ट्रस्ट के प्रदेश प्रवक्ता ने डीआईजी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश प्रवक्ता संसार सिंह ने डीआईजी को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि मंगलौर कोतवाली में एक दारोगा तैनात हैं।
आरोप लगाया कि दारोगा एक मामले में रुपये ले रहे हैं, जिसकी वीडियो भी बनाई गई है। उन्होंने डीआईजी से मामले में तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग की। साथ ही कार्रवाई न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मामले में एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो मामले की जानकारी ली जाएगी।