बीटेक टॉपर निकला एयर होस्टेस को अश्लील मैसेज भेजने वाला आरोपी, एप से हैक करता था व्हाट्सएप
- आरोपी को कोर्ट में पेश कर भेज जेल, पहले भी जा चुका है सलाखों के पीछे
- दो साल से कॉल और मैसेज भेज कर रहा था परेशान, कब्जे में लिया मोबाइल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के रुड़की दो साल से एयर होस्टेस के मोबाइल पर कॉल और अश्लील मैसेज भेज परेशान करने के मामले में पुलिस ने बीटेक टॉपर आरोपी को बरेली से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, कोर्ट से आरोपी का बी वारंट भी मंजूर हो गया है। पुलिस अब उसे लेकर बरेली जाएगी।
पुलिस के अनुसार, रुड़की निवासी एक युवती एयर होस्टेस है। करीब दो साल पूर्व उसने अपनी बरेली में रहने वाली एक सहेली से रेलवे टिकट बुक करवाए थे। उसकी सहेली ने बरेली के एक युवक से टिकट बुक कराया था।
युवक ने एयर होस्टेस के बारे में उसकी सहेली से पूरी जानकारी और मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद युवक उसे कॉल कर परेशान करने लगा और शादी का प्रस्ताव भी रख दिया।
तेजाब फेंकने और सामूहिक दुष्कर्म की धमकी भी दी
एयर होस्टेस ने इनकार किया तो युवक तेजाब फेंकने और सामूहिक दुष्कर्म की धमकी देने लगा। एयर होस्टेस ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने उस दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोप है कि इसके बाद भी युवक लगातार उसे परेशान करता है। युवती ने फिर उसके खिलाफ केस दर्ज करवाया था।
आरोप है कि अब कुछ दिनों से युवक फिर से परेशान कर अश्लील मैसेज भेज रहा था। एयर होस्टेस ने पुलिस से शिकायत की थी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि रोहित सक्सेना निवासी 57-रामेश्वरम कॉलोनी, थाना इज्जतनगर, बरेली को गिरफ्तार कर लिया है। वह बीटेक टॉपर रहा है। उसके पास से मोबाइल भी मिला है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
बरेली में भी दर्ज हैं पांच केस
आरोपी रोहित सक्सेना के पिता बरेली में रेलवे अधिकारी हैं। आरोपी के खिलाफ एयर होस्टेस ने बरेली में भी मुकदमे दर्ज करवाए थे। इस पर आरोपी ने बरेली के आईपीएस और पुलिसकर्मियों के मोबाइल पर कॉल कर गाली गलौज की थी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था और जेल चला गया था। आरोपी के खिलाफ वहां पांच केस दर्ज हैं।
700 नंबरों से कर चुका है कॉल
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी एयर होस्टेस के पास अलग-अलग 700 मोबाइल नंबरों से कॉल कर चुका है। आरोपी शातिर दिमाग है और वह अपने नंबर से कॉल नहीं करता था। वह किसी चीज का बहाना बनाकर रेहड़ी या किसी राह चलते से मोबाइल लेता था और युवती के पास कॉल और मैसेज करता था।
एप के जरिये हैक करता था व्हाट्सएप
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह एप के जरिये लोगों का व्हाट्सएप हैक करता था। पहले कोई बहाना बनाकर उनका मोबाइल नंबर लेता था और उस पर एप के जरिये ओटीपी भेजता था। इसके बाद ओटीपी से मोबाइल वाले का ही व्हाट्सएप हैक कर लेता था। इसी तकनीक का प्रयोग कर वह एयर होस्टेस को मैसेज और अश्लील वीडियो भेजता था।