18 घंटे बाद खुला ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे, भूखे प्यासे 150 से ज्यादा लोगों ने सड़क पर गुजारी रात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर चल रहे ऑल वेदर परियोजना के निर्माण ने टिहरी और उत्तरकाशी जिले के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नरेंद्रनगर और चंबा के बीच ताछला में भूस्खलन से आए दिन यातायात बाधित हो रहा है। बुधवार को 18 घंटे बाद हाईवे खुला।
लगभग 150 लोगों को मंगलवार रात ताछला में सड़क और अपने वाहनों के अंदर गुजारनी पड़ी। रातभर लोग पानी और भोजन के लिए तरसते रहे। शासन-प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली पर लोगों ने कड़ा आक्रोश जताया है।
भद्रकाली से चंबा के बीच ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर पिछले एक साल से चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। ताछला में कार्यदायी संस्था की ओर से नीचे से चट्टान खोदने से ऊपरी सिरे से मलबा और पत्थर गिरने शुरू हो गए। लोगों का कहना है कि भूस्खलन जोन की चट्टान पर पहली पहाड़ी वाले हिस्से से मिट्टी हटाने का काम शुरू होना चाहिए था।
चट्टान पर ब्लास्ट कर मिट्टी के टीले और पत्थरों को पूरी तरह से हटाया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है, जिससे चट्टान से बार-बार भूस्खलन होने से हाईवे बाधित हो रहा है।
मंगलवार दोपहर दो बजे हाईवे ताछला में बाधित हो गया था, जिससे सड़क मार्ग के दोनों तरफ 100 से अधिक वाहनों में सवार लोग फंस गए थे। चंबा की ओर से ऋषिकेश, देहरादून और हरिद्वार जाने वाले लोग भले ही रात को धनोल्टी होते हुए अपने गंतव्य की ओर निकल गए थे, लेकिन ऋषिकेश से चंबा की ओर आने वाले वाहनों में सवार लोगों को रात सड़क और वाहनों में ही गुजारनी पड़ी।
बुधवार सुबह आठ बजे बड़ी मुश्किल से मार्ग खुल पाया, तब जाकर वहां फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। नरेंद्रनगर एसडीएम युक्ता मिश्रा का कहना है कि रात को पानी का टैंकर ताछला भेजा गया। लोगों को दिक्कतें जरूर आई है, लेकिन आसपास के होटल में खाने की व्यवस्था थी।