अंतिम पग पार करने को तैयार 470 जाबांज, ड्रिल स्क्वॉयर पर किया कदमताल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कदम से कदम मिलाकर अनुशासन का परिचय देते हुए भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के जांबाज कैडेटों ने जब कदमताल किया तो चेटवुड हॉल के बाहर मैदान में बैठे दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया।
मौका था आईएमए में पासिंग आउट परेड से पहले रिहर्सल के तौर पर आयोजित कमांडेंट परेड का। ड्रिल स्क्वॉयर पर इस बार 470 कैडेट्स अंतिम पग पार करेंगे।
आईएमए की पासिंग आउट परेड में इस साल 423 भारतीय और 67 विदेशी कैडेट्स पासआउट होने जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को पीओपी की अंतिम तैयारी के तौर पर कमांडेंट परेड का आयोजन किया गया।
जेंटलमैन कैडेटों ने आईएमए गीत की धुन पर कदमताल करते हुए अकादमी के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एसके उपाध्याय ने परेड की सलामी ली। रिहर्सल परेड के दौरान जेंटलमैन कैडेट जोश एवं जज्बे से लबरेज दिखे।
आईएमए कमांडेंट ले. जन. एसके उपाध्याय ने पासिंग आउट बैच के जेंटलमैन कैडेटों को अग्रिम शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बतौर सैन्य अधिकारी सेना में शामिल होने जा रहे कैडेटों को सैन्य परंपराओं का निवर्हन कर आगे बढ़ना होगा। सैन्य जीवन में आने वाली चुनौतियों को पार करने की सीख भी उन्होंने दी।
उत्तराखंड देगा देश को 40 जांबाज
इंडियन मिलिट्री एकेडमी की पासिंग आउट परेड से इस बार उत्तराखंड 40 जांबाज ऑफिसर देश की सेना को देने जा रहा है। जनसंख्या घनत्व के हिसाब से देखें तो उत्तराखंड देश को सबसे ज्यादा जांबाज देने वाले राज्यों में पहले पायदान पर दस वर्षों से जमा हुआ है।
आईएमए की पासिंग आउट परेड शनिवार को होने जा रही है। परेड में रिव्यूइंग ऑफिसर के तौर पर सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत सलामी लेंगे। पासिंग आउट परेड में उत्तराखंड के लिए गौरव के लम्हे होंगे।
इस बार भी पीओपी से देश को 40 उत्तराखंड के नौजवान जांबाज अफसर मिलेंगे। अन्य राज्यों के मुकाबले जनसंख्या के हिसाब से देखें तो यह संख्या सबसे अधिक है।
आज पहुंचेंगे सेना प्रमुख
आईएमए की पासिंग आउट परेड में बतौर रिव्यूइंग ऑफिसर शामिल होने के लिए सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत शुक्रवार को दून पहुंचेंगे। शनिवार को पासिंग आउट परेड से एक दिन पहले वह आईएमए की विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।