साइबर क्रिमिनल्स के कहर के बाद एक्शन में आरबीआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में साइबर क्रिमिनल्स के कहर का बड़ा मामला सामने आने के बाद रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के देहरादून कार्यालय ने सभी बैंकों से रिपोर्ट तलब की है।
इस बाबत बुलाई गई आपात बैठक में आरबीआई ने बैंकों को तत्काल पुरानी एटीएम मशीनें बदलने के साथ ही सभी एटीएम की चेकिंग कर उसका रिकॉर्ड तलब किया है। साथ ही उन बैंक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने मामला सामने आने के बाद ग्राहकों को टरकाया था।
मंगलवार को राजपुर रोड स्थित आरबीआई के कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में एसएसपी निवेदिता कुकरेती के अलावा सभी बैंकों के जोनल अधिकारी शामिल हुए। आरबीआई के प्रभारी महाप्रबंधक सुब्रत दास ने बैंकों को निर्देश दिए कि वह जल्द पुरानी एटीएम मशीनें बदल दें।
इसके साथ ही जो पीड़ित ग्राहक उनके पास आ रहे हैं, उनकी शिकायत सुनकर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जिन एटीएम बूथ पर गार्ड नहीं हैं, उन पर तुरंत गार्ड की तैनाती की जाए। इसके अलावा सभी बैंकों की चेकिंग कर उसकी रिपोर्ट आरबीआई को उपलब्ध कराई जाए। आरबीआई ने उन सभी बैंकों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिनके अधिकारियों ने पीड़ितों की शिकायत सुनने के बजाए उन्हें थाने में एफआईआर कराने को भेज दिया था।
यह सावधानियां बरतें ग्राहक
आरबीआई ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वह साइबर क्रिमिनल्स के कहर का मामला सामने आने के बाद बड़े पैमाने पर ग्राहकों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाएं। उनके एटीएम के सिक्योरिटी फीचर्स और एटीएम इस्तेमाल करते हुए बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दें।
यह सावधानियां बरतें
- अपना एटीएम कार्ड और पिन एक साथ न रखें, अपना कार्ड किसी को न दें।
- एटीएम मशीन में पिन नंबर डालते समय की-पैड को अपने हाथों से छिपाते हुए प्रयोग करें।
- भीड़भाड़ वाले और असुरक्षित स्थानों में एटीएम का प्रयोग सावधानीपूर्वक करें।
- अपने डेबिट/क्रेडिट कार्ड का नंबर, पासवर्ड, पिन, 3डी सिक्योर पिन और सीवीवी नंबर किसी से शेयर न करें।
- एटीएम से पैसे निकालते समय अनजान व्यक्तियों से सहायता कभी न लें। अनजान व्यक्ति को जानकारी होने का संदेह हो, तो तुरंत अपना पिन बदल दे।
- समय-समय पर अपने एटीएम का पिन नंबर बदलते रहें।