दुर्घटना में युवक की मौत के बाद बवाल, आगजनी की कोशिश, पुलिस ने भांजी लाठी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्रक ने शुक्रवार देर रात स्कूटी और बुलेट मोटरसाइकिल सवार पांच लोगों को टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद कोहराम मच गया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर शव रखकर कर जाम लगा दिया। दो ट्रकों में तोड़फोड़ कर आगजनी का प्रयास किया। ग्रामीणों ने पुलिस पर लाठी फटकारने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा काटा। देर रात बवाल बढ़ने पर कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर मंगा ली गई। प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारी के समझाने के बाद ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया।
जानकारी के अनुसार अहरपुरा के ग्रामीणों ने बताया कि एक स्कूटी पर शुक्रवार रात करीब दस बजे स्कूटी और बुलेट मोटरसाइकिल पर जा रहे पांच युवक महुआखेड़ा गंज बाजार जा रहे थे।
तभी अहरपुरा और महुआखेड़ा गंज के बीच अख्तारी धर्मकांटे का ट्रक पीछे से दोनों वाहनों को टक्कर मार कर रौंदता हुआ ले गया, जिससे स्कूटी सवार अनिकेत (19) पुत्र इंद्रपाल निवासी ग्राम अहरपुरा महुआखेड़ा गंज वार्ड नंबर दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल गए। घायलों में विनय (15) पुत्र विपिन कुमार उर्फ बब्बू, अरुण (19) पुत्र पप्पू निवासी बरखेड़ा पांडे, अंकित कुमार (17) पुत्र भगवत सिंह विजय नगर, महुआखेड़ा गंज, मनीष (20) पुत्र याद राम निवासी अहरपुरा हैं। अरुण और मनीष निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाकी दो को सरकारी अस्पताल ले गए।
आसपास के सभी थानों की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर बुलानी पड़ी
इस घटना से गुस्साए लोगों ने ग्राम अहरपुरा और महुआखेड़ा में जाम लगा दिया। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो ट्रकों में तोड़फोड़ कर आग लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर एएसपी जगदीश चंद्र, सीओ राजेश भट्ट, कोतवाल चंचल शर्मा, आईटीआई थाना एसओ जसवीर सिंह चौहान, पैगा चौकी इंचार्ज ओमप्रकाश, जसपुर कोतवाल अबुल कलाम मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद महुआखेड़ा गंज में चारों ओर से लोगों ने चौराहे को घेर लिया। घटनास्थल पर ग्राम अहरपुरा के लोगों में पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश था। लोग पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। लोगों ने पुलिस पर लाठी फटकारने का भी आरोप लगाया। घटना के बाद बवाल बढ़ता देख एएसपी ने आसपास के सभी थानों की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर बुला ली।
इधर एसडीएम विनीत तोमर भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक ग्रामीणों को उच्चाधिकारी समझाने का प्रयास करते रहे। ग्रामीणों ने गांव से भारी वाहन नहीं गुजरने देने, मृतक के परिजन को आर्थिक सहायता प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ तत्काल की कार्रवाई की मांग की। एसडीएम के समझाने पर ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया। एसडीएम ने रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है जबकि चालक फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि अनिकेत, अंकित और मनीष स्कूटी पर थे, जबकि अरुण और विनय बुलेट पर सवार थे।