प्रधानाचार्य ने स्कूल में सुनाई कव्वाली तो मच गया हंगामा, यह है पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलड़ी में गांधी जयंती पर कव्वाली सुनाना प्रधानाचार्य को भारी पड़ गया। बृहस्पतिवार को विशेष समुदाय के लोगों ने उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाकर विद्यालय में घंटों हंगामा किया। इसके बाद पुलिस, ग्राम प्रधान सहित कुछ अन्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह हंगामा शांत हो पाया।
बेलड़ी गांव के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पर एक समुदाय के सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लग गया। लोगों का कहना था कि स्कूल में दो अक्तूबर को गांधी जयंती के मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
प्रधानाचार्य पर धर्म विशेष का अपमान करने का आरोप
आरोप है कि इस दौरान प्रधानाचार्य चंद्रपाल ने कव्वाली के जरिये धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इसकी जानकारी बच्चों ने घर जाकर अपने परिजनों को दी थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को परिजन स्कूल पर जुट गए। गुस्साए परिजन, प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। विद्यालय पहुंचे लोगों का आरोप था कि प्रधानाध्यापक उनके धर्म का अपमान कर रहे हैं।
हंगामा बढ़ता देख पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। सूचना पाकर ग्राम प्रधान ललित रोड और गणमान्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और प्रधानाचार्य से वार्ता की गई। प्रधानाचार्य ने बताया कि कार्यक्रम में उन्होंने कव्वाली पढ़ी थी, जिसमें बताया गया था कि आदमी का दिल साफ होना चाहिए, फिर वह चाहे मंदिर में जाए या फिर मस्जिद में।
प्रधानाचार्य के समझाने के बाद मामला शांत हो गया। वहीं, प्रधानाचार्य चंद्रपाल का कहना है कि बच्चों का मन रखने के लिए एक कव्वाली सुनाई गई थी, जिसका कुछ बच्चों ने गलत अर्थ निकाल लिया था। कव्वाली के माध्यम से किसी की भावना को आहत करने का आरोप निराधार है।