उत्तराखंड में दो दिन के दौरे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, जानिए उनका मिनट टू मिनट कार्यक्रम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार (आज) को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। महामहिम शनिवार को सबसे पहले हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन करेंगे और उसके बाद दिव्य प्रेम सेवा मिशन स्थित सेवा कुंज के कार्यक्रम में भाग लेंगे। अगले दिन रविवार को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की यात्रा करेंगे।
हरिद्वार में महामहिम के स्वागत के लिए गंगा सभा ने हरकी पैड़ी को दुल्हन की तरह सजाया है। ब्रह्मकुंड और मालवीय घाट में विशेष सजावट की है। राष्ट्रपति शाम 3.55 बजे हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन के लिए पहुंचेंगे और गंगा पूजन के बाद दिव्य प्रेम सेवा मिशन स्थित सेवा कुंज के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
महामहिम के दौरे के मद्देनजर शनिवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र की अभेद्य किलेबंदी होगी। घंटों पहले पूरे हरकी पैड़ी क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर सील कर दिया जाएगा। ललतारौ पुल से लेकर हरकी पैड़ी तक बाजार पूरी तरह बंद रहेगा।
राजभवन में होगा राष्ट्रपति का रात्रि विश्राम
उधर, केदारनाथ और बदरीनाथ में भी राष्ट्रपति के स्वागत की जोरदार तैयारियां की गई हैं। राष्ट्रपति 24 सितंबर को दोनों धामों की यात्रा करेंगे। इसके मद्देनजर केदारनाथ मंदिर परिसर से लेकर केदारपुरी को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। शनिवार दोपहर बाद से धाम में पास के बगैर सामान्य आवाजाही नहीं होगी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बदरीनाथ-केदारनाथ के दर्शन करने से पहले 23 सितंबर शाम को राजभवन पहुंचेंगे। इसके लिए प्रशासन ने राजभवन में 11 कमरे बुक किए गए हैं। अन्य स्टाफ के लिए बीजापुर में 11 कमरे और एनेक्सी में 11 कमरे बुक किए हैं।
क्रू मेंबर्स के लिए होटल सॉलिटेयर में 20 कमरे किए गए हैं। राष्ट्रपति के साथ परिवार और स्टाफ सहित कुल 47 लोग होंगे। मौसम को देखते हुए जौलीग्रांट और जीटीसी में एक-एक फ्लीट तैयार रहेगी।
प्रोटोकॉल अधिकारी सुबोध के अनुसार राष्ट्रपति के साथ पत्नी, बेटी, बेटा, भाई और बेटे के दो बच्चे बदरीनाथ और केदारनाथ के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति 23 सितंबर की शाम को राजभवन पहुंचेंगे। जहां रात्रि विश्राम के बाद 24 सितंबर को बदरीनाथ-केदारनाथ के दर्शन कर दिल्ली लौट जाएंगे।