सीबीएसई ने अभी से शुरू की 2021 में 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2021 की 10वीं, 12वीं की परीक्षाओं की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। इसके तहत बोर्ड ने क्षेत्रीय कार्यालय ने सभी स्कूलों से कक्षों की संख्या और बैठने की व्यवस्था की जानकारी मांगी है।
सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून के मुताबिक कोविड-19 के खतरे को देखते हुए अभी से अगले वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी गई हैं। इसके तहत कक्षों की संख्या पूछी जा रही है, ताकि इसी हिसाब से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जा सके।
सोशल डिस्टेंसिंग के चलते इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या में भी इजाफा होगा। वहीं, सीबीएसई की ओर से सभी स्कूलों को गूगल मैप से जोड़ने की कवायद भी शुरू कर दी गई है। यह इसलिए किया जा रहा है ताकि छात्र गूगल मैप की मदद से आसानी से परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।
अब चेहरा देखकर ही डाउनलोड हो सकेगा सर्टिफिकेट
सीबीएसई 10वीं, 12वीं के छात्रों का सर्टिफिकेट चेहरा दिखाने के बाद डाउनलोड हो सकेंगे। इसके लिए उन्हें किसी तरह के अन्य दस्तावेजों या पासवर्ड की जरूरत नहीं होगी। यह सबकुछ संभव होगा डिजीलॉकर में शुरू किए गए नए बदलाव से।
दरअसल, सीबीएसई ने डिजिटल दस्तावेजों को आसानी से डाउनलोड करने के लिए फेशियल रिक्गनेशन सिस्टम (एफआरएस) की शुरुआत की है। जिससे अब छात्र बिना आधार और मोबाइल नंबर के ही सिर्फ चेहरा दिखाकर अपना सर्टिफिकेट आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे।
इस प्रक्रिया के तहत छात्र की डिजिटल इमेज डिजीलॉकर में पहले से ही मौजूद रहेगी। एडमिट कॉर्ड की फोटो से चेहरे का मिलान होते ही डिजीलॉकर खुल जाएगा और छात्र अपना सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे।