ग्राहक बनकर आया, फिर मिनटों में किया गल्ला साफ: पहले मंगाई इडली, किचन में बंद किया कर्मचारी, कैश लेकर हुआ फरार
एक युवक ग्राहक बनकर रेस्टोरेंट में पहुंचा और उसने इडली का ऑर्डर दिया। कर्मचारी जैसे ही ऑर्डर तैयार करने के लिए किचन में गया, युवक ने चुपके से बाहर से किचन का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद कैश लेकर फरार हो गया।
विस्तार
पहले इडली मंगाई और फिर कर्मचारी को किचन में बंद कर गल्ला साफ कर दिया। ऐसी वारदात रुड़की में सामने आई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। आरोपी की पूरी हरकत रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में नीलम टॉकीज के पास स्थित साउथ फ्यूजन रेस्टोरेंट की है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय रेस्टोरेंट का मैनेजर किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी बीच एक युवक ग्राहक बनकर रेस्टोरेंट में पहुंचा और उसने इडली का ऑर्डर दिया।
कर्मचारी जैसे ही ऑर्डर तैयार करने के लिए किचन में गया, युवक ने चुपके से बाहर से किचन का दरवाजा बंद कर दिया। कर्मचारी को अंदर बंद करने के बाद आरोपी सीधे कैश काउंटर तक पहुंचा। उसने गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी अपने बैग में भरी और कुछ ही मिनटों में वहां से फरार हो गया। किचन में बंद कर्मचारी मदद के लिए आवाज लगाता रहा, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था।
Uttarakhand: दून मेडिकल कॉलेज के मेस घोटाले का मास्टरमाइंड लेखाकार निलंबित, मामले में पहली बड़ी कार्रवाई
कुछ देर बाद जब मैनेजर वापस लौटा तो उसे किचन से आवाजें सुनाई दीं। दरवाजा खोलने पर कर्मचारी ने पूरी घटना बताई। इसके बाद कैश काउंटर की जांच की गई तो गल्ला खाली मिला। जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो आरोपी की पूरी करतूत कैमरे में कैद दिखाई दी।
रेस्टोरेंट स्वामी तपेश शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक ओर जहां आरोपी की चालाकी चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं यह घटना व्यापारियों के लिए भी चेतावनी है कि कुछ मिनटों की लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.