जहरीली शराब कांड की जांच को विधानसभा की 7 सदस्यीय कमेटी गठित, इसी सत्र में देगी रिपोर्ट
जहरीली शराब कांड के मामले में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल के निर्देश पर विधानसभा की समिति का गठन कर दिया गया है। भाजपा विधायक खजान दास की अध्यक्षता में गठित सात सदस्यीय समिति जल्द ही घटनास्थल का दौरा करेगी और वस्तु स्थिति का मूल्यांकन करने के बाद इसी विधानसभा सत्र के दौरान सदन में अपनी रिपोर्ट देगी।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन में बुधवार को समिति के गठन की जानकारी दी। समिति में विधायक ममता राकेश और राजकुमार को भी शामिल किया गया है। इनके अलावा विधायक देश राज कर्णवाल, शक्तिलाल शाह, मुकेश कोली और सुरेश राठौर को भी सदस्य बनाया गया है। सचिव विधानसभा जगदीश चंद्र ने बताया कि समिति के गठन के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
समिति यह करेगी काम
समिति घटना स्थल पर जाकर वस्तु स्थिति का आकलन करेगी। जहरीली शराब बनाने, उसे बेचने वालों, उससे जुड़े असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कार्रवाई करने की सिफारिश करेगी। ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के सुझाव भी देगी। मृतक परिवारों को हुई क्षति के दृष्टिगत तात्कालिक और दीर्घकालिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही इस बुराई के प्रति निदान की कार्रवाई को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट विधानसभा में प्रस्तुत करेगी।
जल्द ही समिति घटना स्थल का दौरा करेगी। जहरीली शराब कांड के शिकार गांवों के अलावा आसपास के गांवों का भी दौरा किया जाएगा। समिति विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश के अनुसार वस्तु-स्थिति का आंकलन करेगी और इसी सत्र में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
- खजान दास, अध्यक्ष, विस समिति।