पैदल चलकर बाबा केदार के दर्शन करने पहुंचे पीएम मोदी, 15 मिनट तक की पूजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दीपावली के पर्व पर उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने केदारनाथ पुनर्निमाण कार्यों की समीक्षा की और 11:55 मिनट पर वे वापस दिल्ली लौट गए।
मंदिर के कपाट बंद होने से दो दिन पहले बाबा के दर्शन करने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी के साथ उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी मंदिर के अंदर करीब 10 से 15 मिनट रहे। उन्होंने पूजा करने के बाद मंदिर की परिक्रमा की और पिछले कुछ दिनों में धाम में हुई बर्फबारी से खूबसूरत हुए नजारे का भी दीदार किया।
प्रधानमंत्री ने मंदिर प्रांगण में लगाई गई केदारनाथ की तस्वीरों का भी अवलोकन किया, जिसमें वर्ष 2013 में आई प्रलयंकारी भीषण आपदा से उजड़ गए क्षेत्र के पुनर्निर्माण की यात्रा को दर्शाया गया था।
मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग 'आस्था पथ' के दोनों तरफ खडे़ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का भी प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
मोदी ने केदारनाथ मंदिर के चारों तरफ घूम-घूम कर वहां चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों और व्यवस्था का भी जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने इसके अलावा धीमी गति से चल रहे एक विशेष वाहन में बैठकर मंदाकिनी नदी के किनारे केदारपुरी में पुनर्निर्माण परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया। आपदा में क्षतिग्रस्त होने के बाद पुनर्निर्मित उदक कुंड का भी उन्होंने अवलोकन किया ।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-चीन सीमा के पास हर्षिल में भारतीय सेना और आईटीबीपी के जवानों के साथ दीवाली मनाई। इस अवसर पर जवानों को शुभकामना देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सुदूर बर्फीली चोटियों पर आप सब देश की सुरक्षा में लगे हैं, ये आपका कर्तव्य देश के 125 करोड़ भारतीयों के भविष्य और सपने को सुरक्षित करने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि दीवाली रौशनी का त्यौहार है; यह अच्छाई की रौशनी फैलाता है और डर को दूर भगाता है।उन्होंने कहा कि आप सब जवान, अपनी प्रतिबद्धता और अनुशासन के माध्यम से, आम लोगों के मन में सुरक्षा और निडरता की भावना दे रहे हैं।