खाकी की 'गुंडागर्दी' और बदतमीजी से सहमे लोग
जनता की सुरक्षा की जिम्मेदार उत्तराखंड की पुलिस अब गुंडागर्दी और बेअदबी पर उतर आई है।
रुड़की में शराबियों को खदेड़ने के नाम पर शनिवार रात पुलिसकर्मियों ने गंगनहर के घाटों पर बैठे शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ अभद्रता की।
विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी दीं। लोगों ने एसएसपी हरिद्वार से इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
गंगनहर के घाटों पर परिवार संग बैठे थे लोग
गर्मी के कारण इन दिनों बड़ी संख्या में शहर के लोग गंगनहर के घाटों पर राहत पाने के लिए जाते हैं।
आरोप है कि शनिवार रात करीब आठ बजे गंगनहर के घाटों पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने परिवार के साथ बैठे लोगों से अभद्रता की।
ऐसे में कई लोग वहां से उठकर चले गए। अंबर तालाब निवासी सूरज और राजपूताना निवासी रविंद्र का कहना है कि पुलिसकर्मियों का यह व्यवहार किसी भी स्थिति बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिसकर्मियों को इस तरह से व्यवहार करने का कोई अधिकार नहीं है।
लोगों ने इस मामले की शिकायत एसएसपी से की है। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने कहा कि आम नागरिकों से किसी भी तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यदि किसी पुलिसकर्मी ने ऐसा किया है तो वह मामले की जांच कर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करेंगे।